औद्योगिक क्षेत्रों को मेट्रो-बस स्टेशनों से जोड़ने का प्रस्ताव

पीएमा और मिडफो ने मंडलायुक्त को दिए दो नए रूट के सुझाव, हर 15 मिनट में बस चलाने की मांग

मेरठ। औद्योगिक क्षेत्रों और शिक्षण संस्थानों को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने के लिए परतापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (पीएमा) और मिडफो ने दो नए बस रूट शुरू करने का प्रस्ताव मंडलायुक्त को दिया है। दोनों संगठनों ने रूटों का सर्वे और ट्रायल कराकर नियमित बस सेवा शुरू करने का अनुरोध किया है।

प्रस्तावित पहले रूट में विश्वविद्यालय और तेजगढ़ी चौराहे से बिजली बंबा बाईपास, शॉप्रिक्स मॉल, रिठानी, चंद्रा देवी गेट होते हुए उद्योगपुरम और गगोल रोड के रास्ते पराग डेयरी तक बस संचालन का सुझाव दिया गया है।

दूसरे रूट में मोदीपुरम से बेगमपुल नमो भारत स्टेशन, विभिन्न मेट्रो स्टेशन, रिठानी, उद्योगपुरम, परतापुर होते हुए मेरठ साउथ स्टेशन से यू-टर्न लेकर मेरठ-रुड़की हाईवे और बागपत रोड के रास्ते मोदीपुरम तक बस चलाने का प्रस्ताव है।

दोनों संगठनों ने इन रूटों पर हर 15 मिनट में बस सेवा संचालित करने का सुझाव दिया है, ताकि औद्योगिक क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों और प्रमुख सार्वजनिक परिवहन केंद्रों के बीच आवागमन सुगम हो सके। पीएमा अध्यक्ष निपुन जैन ने कहा कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन से उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और शहर के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

मिडफो पदाधिकारी रवि एलन ने कहा कि नमो भारत, मेट्रो, सिटी बस और औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाला नेटवर्क शहर के लिए सकारात्मक कदम होगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts