युवाओं से बोले नितिन नवीन- कोई काम छोटा नहीं, छोटे प्रयास बड़ी उपलब्धियों की नींव
सुभारती में युवा संवाद: मुख्यमंत्री योगी ने कहा- युवाओं के लिए अपार संभावनाओं का प्रदेश बना यूपी; राष्ट्र प्रथम की भावना से आगे बढ़ें
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में सोमवार को 'युवा संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विद्यार्थियों से संवाद कर युवा शक्ति, नेतृत्व, लक्ष्य, ज्ञान और जीवन-मूल्यों पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण, डॉ. रोहित रविंद्र, विश्वविद्यालय के कार्यकारी अधिकारी डॉ. कृष्णामूर्ति और सुभारती न्यास के न्यासी अमित जोशी समेत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पहले अतिथियों ने परिसर स्थित कारगिल शहीद उपवन और आईएनए शहीद स्मारक में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
हर काम को पूरी निष्ठा से करें
युवाओं से संवाद करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कोई भी काम छोटा नहीं होता। छोटे-छोटे प्रयास ही आगे चलकर बड़ी उपलब्धियों की नींव बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं को पहचानने, बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने और हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा एवं समर्पण से निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। युवाओं से निरंतर ज्ञान अर्जित करने, करुणा व संवेदनशीलता अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
युवा सकारात्मक ऊर्जा और संभावनाओं का प्रतीक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवा सकारात्मक ऊर्जा और अपार संभावनाओं का प्रतीक हैं। उनकी सोच, उत्साह और कार्यक्षमता समाज और राष्ट्र की दिशा को प्रभावित करती है। इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक कार्यों में करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एकता और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना देश की प्रगति का आधार है। शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी भी व्यक्तित्व निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से प्रेरणादायक पुस्तकों का अध्ययन करने, चुनौतियों का सकारात्मक सोच के साथ सामना करने और मेहनत व आत्मविश्वास से अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
युवाओं को दिलाए तीन संकल्प
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की भी महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने सुभारती विश्वविद्यालय के युवाओं को राष्ट्र प्रथम, अनुशासन और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के तीन संकल्प दिलाए। उन्होंने युवाओं से प्रतिभा, ज्ञान और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण तथा समाज सेवा में करने का आह्वान किया।
शहीद स्मारकों पर श्रद्धांजलि
कार्यक्रम से पहले भाजपा नेताओं ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित कारगिल शहीद उपवन और आईएनए शहीद स्मारक पहुंचकर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संयोजन सुभारती डिफेंस अकादमी के निदेशक कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेनि.) ने किया। संचालन डॉ. प्रीति सिंह और राम प्रकाश तिवारी ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment