योगी बोले- हनुमान भक्त देंगे बाबर के अनुयायियों को जवाब

मेरठ में शक्ति केंद्र सम्मेलन में सीएम ने सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद और जातिवाद के आरोप लगाए; नितिन नवीन बोले- योगी सरकार में कानून का राज, विकास बना यूपी की पहचान

मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर मेरठ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी ने सपा-कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति के आरोप लगाए। वहीं नितिन नवीन ने योगी सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर उसकी तारीफ की।

योगी बोले- कांवड़ यात्रा कोई रोक नहीं सकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा सनातन का प्रतीक है और इसे कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि अब श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजनों पर भी रोक नहीं लगाई जा सकती। योगी ने कहा कि प्रदेश में अब 'कट्टा और बंदूक' की राजनीति नहीं चल सकती।

सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पहले दंगाइयों के सामने घुटने टेके जाते थे और उन्हें मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि समाज को दोबारा जातीय आधार पर बांटने के प्रयासों का विरोध किया जाना चाहिए।

'व्यक्ति से बड़ा दल, दल से बड़ा राष्ट्र'

योगी ने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने देश को परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति दी। उनके अनुसार, राजनीति में 'मेरा क्या' की जगह यह सवाल होना चाहिए कि 'मैं अपने देश के लिए क्या कर रहा हूं।' उन्होंने भाजपा की कार्यशैली बताते हुए कहा—व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर राष्ट्र।

मुख्यमंत्री ने महापुरुषों को जातीय दायरे में बांटने से बचने की बात कही और कार्यकर्ताओं से राष्ट्र तथा संगठन को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

नितिन नवीन बोले- पहले भय, अब भरोसे का वातावरण

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में भय का वातावरण था, जबकि आज भाजपा सरकार में भरोसे का वातावरण है। उन्होंने योगी सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब विकास यूपी की पहचान बन गया है।

उन्होंने कहा कि पहले दंगे होते थे और युवाओं के सामने पहचान का संकट था, जबकि अब एक्सप्रेसवे और अन्य विकास परियोजनाएं प्रदेश की पहचान बन रही हैं। नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी को 'उत्तम प्रदेश' बनाने का काम किया है।

'परिवार के अलावा किसी के बारे में नहीं सोचा'

नितिन नवीन ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज पिछड़ों और दलितों की बात कर रहे हैं, उन्होंने पहले अपने परिवार के अलावा किसी के बारे में नहीं सोचा। उन्होंने संत रविदास की जयंती का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भी परिवार-केंद्रित राजनीति का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि यूपी के विकास रथ को रुकने नहीं देना है और संगठन के कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचानी है।

2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का किया उल्लेख

नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने कहा कि आज सरकारी योजनाएं गरीबों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं, न कि धर्म या समाज देखकर। युवाओं के भविष्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर भी उन्होंने सरकार के कामकाज का उल्लेख किया।

बुलडोजरों से फूल बरसाकर स्वागत

मेरठ पहुंचने पर नितिन नवीन का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। काशी टोल प्लाजा और सुभारती यूनिवर्सिटी के आसपास बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। स्वागत के दौरान बुलडोजरों से फूल बरसाए गए और क्रेन से माला पहनाई गई। ढोल-नगाड़ों और 'जय श्रीराम' के नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

युवा सम्मेलन में बोले- रील नहीं, रियल को फील करें

इससे पहले नितिन नवीन ने सुभारती यूनिवर्सिटी में युवा सम्मेलन में छात्रों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं को नशे और शॉर्टकट की प्रवृत्ति से बचने की सलाह देते हुए कहा कि युवा 'रील नहीं, रियल को फील करें' और देश को प्राथमिकता दें।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। युवा संवाद में सुभारती विवि समेत अन्य कॉलेज के साथ युवा भी मौजूद रहे 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts