होमगार्ड भर्ती की दौड़ में दूसरे अभ्यर्थी की भी मौत

मंगलवार को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया था भर्ती, बुधवार को इलाज के दौरान तोड़ा दम; मौतों के बाद भी जारी रही फिजिकल प्रक्रिया

मेरठ। होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ने वाले दूसरे अभ्यर्थी तरुण की बुधवार को मौत हो गई। मंगलवार को गंभीर हालत में उसे न्यूटीमा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा था, लेकिन बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अब तक दो अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है।

मंगलवार को दौड़ के दौरान कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई थी। इनमें अंकुज मलिक की उसी दिन मौत हो गई थी। वहीं तरुण समेत अन्य अभ्यर्थियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तरुण की हालत गंभीर होने के कारण उसका उपचार न्यूटीमा अस्पताल में चल रहा था।

अब सिर्फ एक अभ्यर्थी अस्पताल में भर्ती

दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ने पर कई अभ्यर्थियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। बुधवार को तरुण की मौत के बाद अब केवल एक अभ्यर्थी मेडिकल अस्पताल में भर्ती बताया गया है। अन्य अभ्यर्थियों को उनके परिजन अस्पताल से घर ले गए हैं।

भर्ती व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने और दो मौतों के बाद होमगार्ड भर्ती की फिजिकल प्रक्रिया की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने के कारण और भर्ती स्थल पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को लेकर प्रशासन स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। तरुण की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मौत के बावजूद स्टेडियम में जारी रही दौड़

दो अभ्यर्थियों की मौत के बावजूद बुधवार को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में होमगार्ड भर्ती की फिजिकल प्रक्रिया जारी रही। अभ्यर्थियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षण में हिस्सा लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts