इग्नू में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 30 सितंबर तक मिलेगा मौका
मेरठ कॉलेज अध्ययन केंद्र में स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश जारी
मेरठ। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के नए दाखिलों और ऑनलाइन पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र नोएडा के अंतर्गत मेरठ कॉलेज स्थित अधिकृत अध्ययन केंद्र में ओडीएल और ऑनलाइन, दोनों माध्यमों से प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
अध्ययन केंद्र के समन्वयक, प्रेस प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रोफेसर चंद्रशेखर भारद्वाज ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को अभी तक कहीं भी प्रवेश नहीं मिल पाया है, उनके लिए यह अच्छा अवसर है। वे अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार इग्नू के विभिन्न स्नातक एवं परास्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। इग्नू की डिग्री देश-विदेश में मान्य है।
उन्होंने बताया कि मेरठ कॉलेज अध्ययन केंद्र पर बीए ऑनर्स, बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स, बीएससी ऑनर्स, एमएसडब्ल्यू, बीएसडब्ल्यू, एवीएन, बीसीए, एमसीए तथा लगभग 10 विषयों में एमएससी सहित अनेक प्रमुख पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
प्रोफेसर भारद्वाज ने बताया कि इग्नू में वर्ष में दो बार प्रवेश और दो बार परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। मेरठ कॉलेज परिसर में ही इग्नू की परीक्षाएं होती हैं, जिससे मेरठ और आसपास के विद्यार्थियों को सुविधा मिलती है। इग्नू देशभर में 350 से अधिक शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित करता है, जिनमें पीएचडी भी शामिल है। पिछले वर्ष इग्नू में 36 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था।
जुलाई 2026 सत्र में सभी अधिसूचित कार्यक्रमों के लिए ओडीएल और ऑनलाइन मोड में आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। सेमेस्टर आधारित और सर्टिफिकेट कार्यक्रम इसके अंतर्गत शामिल नहीं हैं।
ओडीएल मोड में प्रवेश के लिए ignouadmission.samarth.edu.in तथा ऑनलाइन मोड के लिए ignouiop.samarth.edu.in पर आवेदन करें। पुनः पंजीकरण onlinerr.ignou.ac.in पर 200 रुपये विलंब शुल्क के साथ किया जा सकता है।
प्रोफेसर भारद्वाज ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन पूरा कर लें। पाठ्यक्रम, पात्रता, शुल्क और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी मेरठ कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र से प्राप्त की जा सकती है।

No comments:
Post a Comment