बुलेट ट्रेन के ट्रायल को लेकर रेल मंत्री का बड़ा बयान

मई-जून 2027 में शुरू हो सकता है ट्रायल, पहले चरण में सूरत-बिलीमोरा सेक्शन पर दौड़ने की तैयारी

नई दिल्ली, 8 सितंबर। देश की पहली बुलेट ट्रेन के इंतजार के बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर बुलेट ट्रेन का ट्रायल मई या जून 2027 में शुरू होने की संभावना है। ट्रायल उस हिस्से से शुरू किया जाएगा, जहां निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

रेल मंत्री के मुताबिक ट्रायल शुरू होने के बाद ट्रेन को अलग-अलग परिस्थितियों में करीब दो से चार महीने तक परखा जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से यात्री सेवा शुरू करने की तैयारी है। पहले सूरत-बिलीमोरा सेक्शन को चालू करने की योजना है। इसके बाद सेवा का विस्तार वलसाड-वापी और सूरत-वापी समेत अन्य हिस्सों तक किया जाएगा।

508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेल मंत्री ने यह भी बताया कि बुलेट ट्रेन के परीक्षण के लिए पहला स्वदेशी कोच तैयार हो चुका है। वलसाड-वापी सेक्शन का सिविल निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा होने की दिशा में है।

पूरे कॉरिडोर पर सेवा शुरू होने के बाद मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय काफी कम होने की उम्मीद है। परियोजना में मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलीमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती समेत 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं।

रेल मंत्रालय की योजना के मुताबिक सेवा को एक साथ पूरे मार्ग पर शुरू करने के बजाय अलग-अलग चरणों में आगे बढ़ाया जाएगा। ऐसे में बुलेट ट्रेन का ट्रायल शुरू होना देश में हाईस्पीड रेल सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts