नशा मुक्ति केंद्र में मरीज की मौत, पिता ने बेटे को हत्या के मुकदमे में फंसाने का लगाया आरोप

एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग, केंद्र में इलाज की व्यवस्था और मौत की परिस्थितियों की जांच कराने की गुहार

मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आशी फाउंडेशन एवं नशा मुक्ति केंद्र में मरीज की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया है। लुधियाना निवासी नसीब सिंह ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि केंद्र में समय पर उपचार नहीं मिलने से भर्ती मरीज ललित कुमार की मौत हुई, जबकि बाद में उनके बेटे करणवीर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया गया।

नसीब सिंह के अनुसार उन्होंने अपने बेटे करणवीर को नशे की लत छुड़ाने के लिए 28 जुलाई को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। आरोप है कि 17 सितंबर को वहां भर्ती ललित कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसे दौरे पड़ने लगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि केंद्र के संचालक और स्टाफ को इसकी जानकारी होने के बावजूद उसे समय पर आवश्यक उपचार नहीं मिला और उसकी मौत हो गई।

पिता का दावा है कि मौत के बाद केंद्र संचालक ने घटना को दूसरा रूप देने के लिए करणवीर पर ललित से मारपीट करने का आरोप लगवाया। इसके आधार पर टीपीनगर थाने में अपराध संख्या 504/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 61(2) में मुकदमा दर्ज किया गया और करणवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

नसीब सिंह ने एसएसपी से मामले की स्वतंत्र जांच कराने, ललित की मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने और नशा मुक्ति केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जांच की मांग की है। उन्होंने बेटे के खिलाफ दर्ज मुकदमे के आधार की भी जांच कराने की गुहार लगाई है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts