संचारी रोगों की निगरानी होगी और मजबूत
जैपाइगो टीम ने मेरठ का किया दौरा, मॉलिक्यूलर एंटोमोलॉजिकल सर्विलांस से रोग फैलाने वाले वाहकों की होगी निगरानी
मेरठ। जनपद में संचारी रोगों की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी संस्था जैपाइगो की टीम ने भ्रमण किया। टीम ने मॉलिक्यूलर एंटोमोलॉजिकल सर्विलांस के तहत संचारी रोग फैलाने वाले वाहकों की निगरानी और उनसे जुड़ी सूचनाओं के उपयोग की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। टीम का नेतृत्व जैपाइगो के माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. प्रवीण ने किया।
टीम ने अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और मंडलीय सर्विलांस अधिकारी से मुलाकात कर जनपद व मंडल में संचारी रोग नियंत्रण की भविष्य की योजनाओं, निगरानी व्यवस्था और रोगों की समय से पहचान को लेकर विचार-विमर्श किया। अधिकारियों ने रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
इसके बाद टीम ने मेडिकल कॉलेज मेरठ के माइक्रोबायोलॉजी विभाग का दौरा किया। विभागाध्यक्ष के साथ संचारी रोगों की जांच, उपचार और प्रयोगशाला स्तर की तैयारियों पर चर्चा हुई। साथ ही मॉलिक्यूलर एंटोमोलॉजिकल सर्विलांस के जरिए रोग फैलाने वाले वाहकों की निगरानी की प्रक्रिया और संभावित उपयोग पर विचार किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस निगरानी व्यवस्था से संचारी रोगों के संभावित प्रसार की जानकारी जुटाने, जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान करने और समय रहते नियंत्रणात्मक कदम उठाने में मदद मिल सकती है। भ्रमण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (संचारी रोग) और मंडलीय एंटोमोलॉजिस्ट का विशेष सहयोग रहा।
स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्थाओं के समन्वय से संचारी रोगों की निगरानी, जांच और नियंत्रण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment