बारिश-बाढ़ से खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश

सीएम योगी ने पीडब्ल्यूडी की समीक्षा में कहा- त्योहारों से पहले प्रमुख मार्गों को दुरुस्त करें, गुणवत्ता का रखें ध्यान

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के कारण खराब हुए नए मार्गों का भी सर्वे कराया जाए। जहां सड़क की स्थिति खराब है, वहां तत्काल उसे मोटरेबल बनाया जाए और बरसात समाप्त होने के बाद आवश्यकता के अनुसार स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने आगामी पर्व एवं त्योहारों को देखते हुए प्रमुख मार्गों की स्थिति बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, इसलिए किसी भी प्रमुख मार्ग पर यातायात में परेशानी नहीं होनी चाहिए। पर्व-त्योहारों से पहले आवश्यक मरम्मत और नवीनीकरण के सभी कार्य पूरे करा लिए जाएं।

उन्होंने शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, मुख्य बाजारों, सरकारी कार्यालयों और अधिक जन आवागमन वाले अन्य स्थानों तक जाने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने को कहा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इन मार्गों पर तत्काल काम शुरू कराया जाए और जहां मरम्मत जरूरी है, वहां बिना देरी सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए। उन्होंने कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से उनकी कार्ययोजना की जानकारी ली। इसके अलावा मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की कार्ययोजनाओं की भी समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश से प्रभावित मार्गों की मरम्मत और आगामी पर्व-त्योहारों से पहले जरूरी सड़क कार्य समय से पूरे किए जा सकें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts