मेरठ और उन्नाव में 6,566 करोड़ से लगेंगी तीन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट
बॉल, क्राउन और कैनपैक लगाएंगी एल्युमिनियम बेवरेज कैन प्लांट; मेरठ में 2,913 करोड़ का निवेश प्रस्तावित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एल्युमिनियम बेवरेज कैन और एडवांस पैकेजिंग मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा निवेश प्रस्ताव सामने आया है। बॉल कॉर्पोरेशन, क्राउन होल्डिंग्स और कैनपैक मेरठ और उन्नाव में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेंगी। तीनों परियोजनाओं में कुल 6,566 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में एल्युमिनियम पैकेजिंग के लिए एक मजबूत औद्योगिक और सप्लाई चेन विकसित होने की उम्मीद है।
इसी सिलसिले में क्राउन होल्डिंग्स और बॉल कॉर्पोरेशन के शीर्ष प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में क्राउन के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं सीओओ डाल्मा नोवेस, बेवरेज कैन यूरोप-मध्य पूर्व एवं अफ्रीका के अध्यक्ष मार्क केचेसन तथा बॉल कॉर्पोरेशन के सीईओ रॉन लुईस समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
मेरठ में बॉल लगाएगी यूनिट
बॉल बेवरेज पैकेजिंग इंडिया प्रा. लि. मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में एल्युमिनियम बेवरेज कैन की बड़ी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की तैयारी में है। इसके लिए करीब 40 एकड़ क्षेत्र में 2,913 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। परियोजना को यूपीडा की ओर से फैसिलिटेट किया जा रहा है। यह निवेश पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एल्युमिनियम पैकेजिंग उद्योग को मजबूती देने वाला माना जा रहा है।
उन्नाव में क्राउन और कैनपैक की इकाइयां
क्राउन होल्डिंग्स की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी क्राउन पैकेजिंग इंडिया प्रा. लि. उन्नाव के आईएमएलसी में ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम बेवरेज कैन प्लांट स्थापित कर रही है। करीब 40 एकड़ में प्रस्तावित इस परियोजना में 2,078.44 करोड़ रुपये का निवेश होगा। यह क्राउन की भारत में पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी। परियोजना से 209 प्रत्यक्ष और 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद जताई गई है।
वहीं कैनपैक इंडिया भी उन्नाव स्थित आईएमएलसी में एल्युमिनियम बेवरेज कैन की ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर रही है। परियोजना में 1,574.62 करोड़ रुपये का प्रस्तावित निवेश है। करीब 26 हेक्टेयर में विकसित होने वाली इस इकाई की उत्पादन क्षमता लगभग 130 करोड़ कैन प्रतिवर्ष बताई गई है।
इन तीनों परियोजनाओं से प्रदेश में एल्युमिनियम बेवरेज कैन और एडवांस पैकेजिंग की पूरी वैल्यू चेन विकसित होने की संभावना है। बड़े प्लांट के साथ कच्चे माल, लॉजिस्टिक्स, परिवहन, वेयरहाउसिंग और अन्य सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मेरठ और उन्नाव में प्रस्तावित निवेश से पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य को भी मजबूती मिलने की संभावना है।


No comments:
Post a Comment