मेरठ में 20 रेवड़ी-गजक उद्यमियों को मिलेगा ओडीओसी का लाभ
जिला उद्योग केंद्र को चयन का लक्ष्य, 60 लाख रुपये की मार्जिन मनी तय; आवेदन प्रक्रिया जारी
मेरठ। मेरठ की पहचान रेवड़ी और गजक अब कारोबार के विस्तार की नई राह पर बढ़ने जा रही है। पारंपरिक खाद्य उत्पादों से जुड़े उद्यमियों को आर्थिक सहायता देने के लिए प्रदेश सरकार ने ओडीओसी (एक जिला एक व्यंजन) वित्तपोषण सहायता योजना के तहत जिले के लिए 20 उद्यमियों के चयन का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए जिला उद्योग केंद्र की ओर से आवेदन प्रक्रिया जारी है।
योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में मेरठ के लिए 60 लाख रुपये की मार्जिन मनी निर्धारित की गई है। इसके माध्यम से नए उद्यम शुरू करने के साथ ही पहले से संचालित इकाइयों का विस्तार भी किया जा सकेगा। रेवड़ी, गजक और नानखटाई जैसे स्थानीय उत्पादों का उत्पादन बढ़ाने, निवेश करने और बाजार का दायरा बढ़ाने वाले कारोबारियों को बैंक ऋण के साथ सरकारी सब्सिडी का लाभ मिलेगा।
अनुभव के साथ नए उद्यमियों को भी मौका
योजना का लाभ लेने के लिए किसी विशेष शैक्षणिक डिग्री की अनिवार्यता नहीं है। वर्षों से रेवड़ी, गजक या नानखटाई बनाने वाले कारोबारी अपने अनुभव के आधार पर कारोबार विस्तार के लिए आवेदन कर सकते हैं। नए लोग भी संबंधित इकाई स्थापित करने के लिए योजना का लाभ ले सकेंगे। आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। एक परिवार से केवल एक व्यक्ति को लाभ मिलेगा। पहले किसी अन्य सरकारी स्वरोजगार योजना का लाभ लेने वाले आवेदकों की पात्रता निर्धारित नियमों के अनुसार तय होगी।
परियोजना लागत के हिसाब से सब्सिडी
25 लाख रुपये तक की परियोजना पर लागत का 25 प्रतिशत या अधिकतम 6.25 लाख रुपये, 25 से 50 लाख रुपये तक की परियोजना पर 10 प्रतिशत या अधिकतम 6.25 लाख रुपये की सहायता मिलेगी। वहीं 50 लाख से 1.5 करोड़ रुपये तक की परियोजना पर लागत का 20 प्रतिशत या अधिकतम 10 लाख रुपये और 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना पर 10 प्रतिशत या अधिकतम 50 लाख रुपये तक की सब्सिडी निर्धारित है।
महिलाओं और आरक्षित वर्ग को पांच प्रतिशत अंशदान
योजना में सामान्य श्रेणी के लाभार्थी को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अंशदान देना होगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला और दिव्यांगजन के लिए अंशदान की हिस्सेदारी पांच प्रतिशत रखी गई है।
उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडे ने बताया कि 20 उद्यमियों के चयन और 60 लाख रुपये की मार्जिन मनी से ओडीओसी योजना मेरठ के पारंपरिक खाद्य कारोबार को विस्तार देने का अवसर दे रही है। इससे छोटे कारोबारियों को वित्तीय आधार मिलने के साथ स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

No comments:
Post a Comment