पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए आवेदक को थाने न बुलाएं
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने परतापुर थाने का किया निरीक्षण, पते पर जाकर जांच करने के दिए निर्देश
मेरठ। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने गुरुवार को परतापुर थाने का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को पासपोर्ट वेरिफिकेशन से लेकर महिला संबंधी शिकायतों और बीट व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पासपोर्ट सत्यापन के लिए आवेदक को थाने न बुलाया जाए, बल्कि पुलिसकर्मी दिए गए पते पर जाकर जांच करें। सीओ यह सुनिश्चित करें कि सत्यापन की प्रक्रिया मौके पर जाकर ही पूरी हो।
डीआईजी ने थाना परिसर के साथ कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, मैस, बैरक, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड, विवेचनाओं के निस्तारण, जब्त माल और शस्त्रों की स्थिति भी देखी।
महिला शिकायतों का थाना प्रभारी करें निस्तारण
डीआईजी ने थाना प्रभारी को महिला संबंधी शिकायतों का स्वयं निस्तारण करने के निर्देश दिए। सीओ और थाना प्रभारी को मिशन शक्ति केंद्र के कार्यों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। यूपी-112 पर मिलने वाली महिला संबंधी शिकायतों को मिशन शक्ति केंद्र के रजिस्टर में दर्ज करने और कार्रवाई का लगातार फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए।
बीट पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर
डीआईजी ने ग्राम प्रहरियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें अपने क्षेत्रों में सक्रिय एवं सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने बीट क्षेत्र में सक्रिय रहें और ग्राम चौकीदारों से लगातार संपर्क बनाए रखें।
उन्होंने पुराने जर्जर भवन की पत्रावली तैयार कर निस्तारण कराने, पुलिसकर्मियों को शस्त्रों की जानकारी देने तथा उनके रखरखाव और प्रयोग का समय-समय पर अभ्यास कराने को कहा।
शस्त्र रजिस्टर और वारंट की रोजाना निगरानी
डीआईजी ने चुनाव से पहले शस्त्र रजिस्टर का डीएम कार्यालय से मिलान कराने के निर्देश दिए। थानों को प्राप्त गैर-जमानती वारंट की प्रतिदिन निगरानी और जब्त माल के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया।
शस्त्रों की अच्छी जानकारी रखने पर दारोगा विपिन मिश्रा को पुरस्कृत किया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, एसपी ग्रामीण अभिजीत कुमार, सीओ रामप्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment