आजमगढ़ में चार हत्याएं, आरोपी भी मुठभेड़ में ढेर

पत्नी-बेटे और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या, तीन बच्चों को कमरे में बंद कर आठ घंटे तक रहा आरोपी

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार देर शाम सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। अरविंद सिंह नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, बेटे और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों के साथ घर के एक कमरे में करीब आठ घंटे तक बंद रहा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी भी मारा गया। घटना में कुल पांच लोगों की मौत हुई है।

पुलिस के अनुसार, अरविंद अपने दिवंगत भाई सुनील सिंह की आत्मा की शांति के लिए कराई जा रही पूजा से नाराज था। इसी दौरान उसने राइफल से फायरिंग कर अपनी पत्नी बबिता सिंह (40) और पूजा कराने आए पुजारी महेंद्र पाठक (42) व अखिलेश मिश्रा (55) की हत्या कर दी।



बच्चों को कमरे में किया बंद

वारदात के बाद आरोपी ने अपने तीन बच्चों को कमरे में बंद कर लिया और खुद भी हथियार लेकर वहीं बैठ गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घर को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस लगातार आरोपी को आत्मसमर्पण करने और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए समझाती रही। परिवार के सदस्यों की मदद से भी उसे मनाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह बाहर आने को तैयार नहीं हुआ।

इसी दौरान आरोपी ने अपने बेटे को भी गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी कमरे में दाखिल हुए तो आरोपी ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, चेतावनी देने और हवा में गोली चलाने के बावजूद आरोपी ने फायरिंग जारी रखी।

जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल, अस्पताल में मौत

पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उसके बेटे की भी गोली लगने से मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के अनुसार, घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts