मेजर ध्यानचंद खेल विवि को विश्वस्तरीय बनाने में जुटी सरकार, निर्माण में तेजी के निर्देश

मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण, एथलेटिक ट्रैक, इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, फुटबाल-हाकी मैदान और छात्रावास की परखी प्रगति

मेरठ, 2 सितंबर 2026।

सलावा में आकार ले रहा मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को तराशने के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। बुधवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणदायी संस्था को अतिरिक्त मानव संसाधन और मशीनरी लगाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट कहा कि काम तय समयसीमा में पूरा हो, लेकिन गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

मंत्री ने प्रशासनिक और शैक्षणिक भवनों के साथ छात्रावास, इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, एथलेटिक ट्रैक, फुटबाल और हाकी मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय महज इमारतों का समूह नहीं, बल्कि खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान का ऐसा केंद्र बने, जहां प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए बेहतर माहौल मिल सके।

हेल्थ सेंटर और प्रशासनिक भवन का लिया जायजा

निरीक्षण की शुरुआत हेल्थ सेंटर और प्रशासनिक भवन से हुई। इसके बाद मंत्री ने शैक्षणिक भवन और कक्षाओं की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि शैक्षणिक सुविधाएं आधुनिक होने के साथ खेल शिक्षा और प्रशिक्षण की बदलती जरूरतों के अनुरूप हों। भवनों में उपयोगिता, तकनीकी मानकों और भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

छात्रावासों में सुविधाओं की जांच

बालक और बालिका छात्रावासों में बन रहे त्रि-सीटर कमरों का भी मंत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति, स्वच्छता और वेंटिलेशन की जानकारी ली। अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक आवासीय वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मैदानों और इंडोर कांप्लेक्स की भी परखी प्रगति

पाकेट-2 में निर्माणाधीन खेल सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने एथलेटिक ट्रैक, इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, फुटबाल और हाकी मैदान की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद सभा कक्ष में लोक निर्माण विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से निर्माण कार्यों को लेकर प्रस्तुतिकरण दिया गया। मंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और निर्माणदायी संस्था के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि निर्माण में तेजी जरूरी है, लेकिन गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा की जाए और निर्माण में आने वाली अड़चनों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच

गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय प्रदेश में खेल शिक्षा को मजबूत करने और प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने की सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। विश्वविद्यालय में युवाओं को खेल शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और अनुसंधान के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में नई ताकत मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान खेल विभाग के सचिव सुहास एलवाई, कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत, वित्त अधिकारी पंकज कुमार चतुर्वेदी, कुलसचिव सुनील कुमार झा, मुख्य अभियंता अवधेश शरण चौरसिया, अधिशासी अभियंता मोहम्मद आरिफ, विद्युत अधिशासी अभियंता दीपक अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts