लखीमपुर खीरी में बारिश बनी काल

मकान की दीवार गिरी, पति-पत्नी और मासूम पुत्र की मौत
लखीमपुर खीरी (एजेंसी)।लखीमपुर खीरी के थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव रहमतपुर में शनिवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। लगातार बारिश होने के कारण कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के नीचे सो रहे पति-पत्नी और पुत्र दब गए। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया है।
बताया गया कि रहमतपुर निवासी मोहन कश्यप (50) अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में सो रहे थे। शनिवार तड़के अचानक कच्ची दीवार ढह गई। इसके नीचे मोहन कश्यप, उनकी पत्नी कविता कश्यप (45) और आठ वर्षीय पुत्र नानू कश्यप दब गए।
दीवार गिरने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इस्लाम की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल अनुज वर्मा और एसओ नीमगांव प्रवीर कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर राजस्व और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान में हुए इस हादसे से ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। बता दें जिले में शुक्रवार से लगातार बारिश हो रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक परिवार कच्चे मकान में रह रहा था और दीवार गिरने से यह हादसा हुआ। हादसे ने ग्रामीण क्षेत्र में कच्चे मकानों और जर्जर दीवारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के दौरान कमजोर हो चुकी कच्ची दीवारें कभी भी हादसे का कारण बन सकती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे घरों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts