हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर में सीजन की पहली बर्फबारी

बिहार में बाढ़ से 100 से ज्यादा सड़कें बहीं, यूपी-एमपी समेत छह राज्यों में बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। वहीं बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों में गुरुवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया।

हिमाचल प्रदेश में रोहतांग, भरमौर और मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गुरुवार सुबह करीब एक से डेढ़ इंच बर्फ गिरी। सामान्य तौर पर इन इलाकों में अक्टूबर के मध्य के आसपास बर्फबारी शुरू होती है, लेकिन इस बार करीब एक महीने पहले ही हिमपात देखने को मिला।

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई। उत्तराखंड के केदारनाथ, हेमकुंड साहिब और चमोली में ओलावृष्टि के साथ हल्का हिमपात हुआ। देहरादून में सुबह तेज बारिश हुई, जबकि पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर दोबारा भूस्खलन की घटना सामने आई।

बिहार में 15 जिलों में करीब 50 लाख लोग प्रभावित

बिहार के 15 जिलों में करीब 50 लाख आबादी अब भी बाढ़ से प्रभावित बताई जा रही है। राज्य के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बाढ़ के कारण 700 से अधिक ग्रामीण सड़कें प्रभावित हुई हैं। इनमें 100 से ज्यादा सड़कें पूरी तरह बह गईं, जबकि करीब 400 सड़कें 50 प्रतिशत से अधिक क्षतिग्रस्त हुई हैं। लगभग 200 अन्य सड़कें भी क्षतिग्रस्त बताई गई हैं।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते कई स्थानों पर यातायात और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts