हिंदी दिवस पर आईआईएमटी कॉलेज ऑफ लॉ में कार्यशाला
कानून, न्यायिक प्रक्रिया और शिक्षा में हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग पर हुआ मंथन
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ लॉ में हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें कानून, न्यायिक प्रक्रिया एवं शिक्षा के क्षेत्र में हिंदी के महत्व और व्यावहारिक प्रयोग पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि मवाना के उपखंड मजिस्ट्रेट (न्यायिक) एवं मेरठ के सह अपर नगर मजिस्ट्रेट (तृतीय) राजू सिंह (पीसीएस) ने न्यायिक व प्रशासनिक कार्यों में सरल एवं सहज हिंदी के प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन तक न्याय और प्रशासनिक व्यवस्था की पहुंच आसान बनाने में सरल भाषा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विशिष्ट अतिथि आचार्य आनंद प्रकाश ने हिंदी को भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने वाली भाषा बताया। दिल्ली उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विपिन चौधरी और मेरठ कॉलेज की सहायक आचार्य डॉ. काजल वर्मा ने कानूनी शिक्षा, न्यायालयीन कार्यप्रणाली और आधुनिक शिक्षण व्यवस्था में हिंदी के बढ़ते प्रभाव व चुनौतियों पर विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून के अध्ययन और प्रशिक्षण में हिंदी के प्रभावी प्रयोग के लिए प्रेरित किया। आयोजन विभागाध्यक्ष डॉ. एहतेशामउद्दीन अंसारी के मार्गदर्शन में हुआ। डॉ. अभिषेक कुमार सिंह और डॉ. मो. जुनैद अंसारी ने समन्वय किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment