दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग

दो बाइकों पर सवार छह हमलावरों ने घेरकर चलाईं गोलियां, पैर में लगी गोली; सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश

मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम दिल्ली पुलिस में भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट की तैयारी कर रहे युवक पर बाइक सवार हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। पैर में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर दो बाइकों से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

नहर पटरी पर दौड़ लगा रहा था युवक
माखन नगर निवासी नितिन की करीब दो महीने पहले शादी हुई है। वह तीन अक्तूबर को होने वाले दिल्ली पुलिस भर्ती के फिजिकल टेस्ट की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार शाम वह अपने दोस्त के साथ जंबूद्वीप नहर पटरी पर दौड़ लगा रहा था। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास पहुंचते ही दो बाइकों पर सवार छह युवकों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

गोली पैर में लगते ही नितिन सड़क पर गिर पड़ा। गोलियों की आवाज से आसपास अफरा-तफरी मच गई। राहगीर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हमलावर दोनों बाइकों से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइकों पर तीन-तीन युवक सवार थे।

ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया, मेरठ रेफर
फायरिंग में घायल नितिन को राहगीरों ने ई-रिक्शा से हस्तिनापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।

पुलिस ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है।

हस्तिनापुर थाना प्रभारी कमल शंकर त्रिवेदी ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। फायरिंग के कारणों का अभी पता नहीं चला है। परिजनों की ओर से फिलहाल तहरीर नहीं दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts