एसएसपी ऑफिस के बाहर चाकू लेकर महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, आत्मदाह की धमकी से मचा हड़कंप

पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप, आधे घंटे तक हाथ में चाकू लेकर करती रही हंगामा; इंस्पेक्टर ने पीछे से चाकू छीनकर बचाई जान

मेरठ। एसएसपी कार्यालय के बाहर बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला चाकू लेकर पहुंच गई और अपने हाथ की नस काटकर जान देने की धमकी देने लगी। महिला करीब आधे घंटे तक हाथ में चाकू लेकर पुलिसकर्मियों को चुनौती देती रही। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने के बाद भी महिला नहीं मानी तो इंस्पेक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए पीछे से उसका चाकू छीन लिया। इसके बाद महिला को थाने ले जाया गया।

घटना बुधवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई गई है। सरधना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला अपनी शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची थी। गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोक दिया। महिला का कहना था कि वह मंगलवार को भी शिकायत लेकर आई थी, लेकिन तब तक अधिकारी कार्यालय से जा चुके थे। बुधवार को वह दोबारा अपनी शिकायत लेकर पहुंची थी। समय निकलने की बात कहे जाने पर महिला नाराज हो गई और उसने हंगामा शुरू कर दिया।

हाथ पर चाकू रखकर नस काटने की धमकी

हंगामा बढ़ने के बाद महिला ने अचानक चाकू निकाल लिया और अपने हाथ की नस काटने की धमकी देने लगी। उसने चाकू अपने बाएं हाथ पर रखकर खुद को चोट पहुंचाने का प्रयास भी किया। महिला के हाथ में चाकू देखकर एसएसपी कार्यालय के बाहर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर सिविल लाइन इंस्पेक्टर अरुण भाटी महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही और लगातार चाकू हाथ में लिए रही।

ध्यान भटकाया, पीछे से चाकू छीना

करीब आधे घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने सूझबूझ से महिला को काबू किया। सामने मौजूद पुलिसकर्मियों ने बातचीत के जरिए उसका ध्यान दूसरी ओर लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान इंस्पेक्टर अरुण भाटी झाड़ियों की ओर से पीछे पहुंचे और मौका मिलते ही महिला के हाथ से चाकू झटककर दूर कर दिया। इसके बाद महिला को सुरक्षित थाने ले जाया गया।

एक महीने से युवक पर परेशान करने का आरोप

महिला ने पुलिस को बताया कि विनय नाम का एक युवक करीब एक महीने से उसे परेशान कर रहा है। आरोप है कि युवक आते-जाते उसे धमकी देता है। महिला का कहना है कि उसने मामले की शिकायत पुलिस से कर मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। लगातार परेशानी के कारण वह बेहद तनाव में थी और इसी वजह से उसने एसएसपी कार्यालय के बाहर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।

अस्पताल भेजकर कराया गया मेडिकल

इंस्पेक्टर सिविल लाइन अरुण भाटी के मुताबिक महिला काफी परेशान नजर आ रही थी। उसके हाथ पर चोट के निशान भी मिले हैं। महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। उसके पति को भी सूचना दे दी गई है। पति के अनुसार महिला का इलाज चल रहा है। पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts