सिलेंडर धमाके से भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, चार की मौत
फतेहपुर के मलवां कस्बे में हादसे से मची अफरा-तफरी, दो गंभीर घायल; मलबे में दबे लोगों की तलाश में रेस्क्यू जारी
फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के मलवां कस्बे में सोमवार को गैस सिलेंडर में हुए जोरदार धमाके के बाद दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
जानकारी के अनुसार हादसा सूरज गुप्ता के मकान में हुआ। बताया जा रहा है कि घर में गैस सिलेंडर में विस्फोट होने के बाद तेज धमाका हुआ और मकान का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के चलते तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया।
चार मौतों की पुष्टि, दो की हालत गंभीर
हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि सीएमओ ने की है। वहीं, दो गंभीर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव दल मलबा हटाकर किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को खत्म करने में जुटा है।
सिलेंडर फटने से हादसा, जांच शुरू
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। शुरुआती जानकारी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट को हादसे की वजह बताया जा रहा है, हालांकि सिलेंडर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
मकान के अचानक ढहने से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत कार्य में सहयोग किया। प्रशासन की टीम मौके पर स्थिति का जायजा ले रही है और रेस्क्यू अभियान जारी है।

No comments:
Post a Comment