मेरठ के आसमान में गरजे नौ हॉक, सूर्यकिरण की कलाबाजियों ने मचाया रोमांच

35 मिनट तक आसमान में दिखा वायुसेना का शौर्य, पांच मीटर की दूरी पर उड़े नौ हॉक विमान; लूप, बैरल रोल और तिरंगे की धुआं-लकीरों ने मोहा मन

मेरठ। मेरठ के आसमान में शनिवार को पहली बार भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम ने अपने हैरतअंगेज करतबों से रोमांच भर दिया। मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप परिसर में करीब 35 मिनट तक चले एयर शो में नौ हॉक विमानों ने एक साथ उड़ान भरकर ऐसी फॉर्मेशन बनाई कि दर्शक टकटकी लगाए आसमान निहारते रह गए। विमानों के बीच बेहद कम दूरी पर उड़ान, लूप और बैरल रोल समेत विभिन्न मैनूवर ने कार्यक्रम स्थल को तालियों से गूंजा दिया।

तेज धूप और भीषण गर्मी के बावजूद एयर शो देखने के लिए सुबह से ही दर्शक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे थे। जैसे ही आसमान में सूर्यकिरण के विमान नजर आए, लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। नौ विमानों की सटीक फॉर्मेशन, एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरती उड़ान और अचानक दिशा बदलते करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। तिरंगे के रंगों वाली धुएं की लकीरों ने आसमान को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।



पहली बार मेरठ में सूर्यकिरण का शो

सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम का मेरठ में यह पहला एयर शो है। दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुई। टीम के जांबाज पायलटों ने निर्धारित क्षेत्र में अलग-अलग हवाई करतब पेश किए। उत्तर प्रदेश में सूर्यकिरण टीम का यह दूसरा एयर शो है। इससे पहले टीम लखनऊ में अपना प्रदर्शन कर चुकी है।

शो की डिस्प्ले साइट पर स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने टीम की खासियत और पायलटों के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि मेरठवासियों से टीम को भरपूर प्यार मिला है। खासकर स्कूली बच्चों में एयर शो को लेकर उत्साह देखने को मिला। उन्होंने मेरठ में प्रदर्शन को अपने लिए गर्व का क्षण बताया।



‘सपना देखें और मेहनत से पूरा करें’

स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि उन्होंने बचपन में फाइटर पायलट बनने का सपना देखा था। मेहनत और अवसर के साथ वह अपने सपने को पूरा कर सके। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने सपनों को सीमित न करें और उन्हें हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि सूर्यकिरण का प्रदर्शन मेरठ के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।

ऐतिहासिक पल बना एयर शो

एयर शो देखने पहुंचे दर्शकों ने सूर्यकिरण के प्रदर्शन को मेरठ के लिए गौरव का क्षण बताया। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने भी इसे मेरठ के लिए ऐतिहासिक पल बताया। शनिवार के प्रदर्शन के बाद रविवार को भी सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम का एयर शो प्रस्तावित है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts