भूकंप-अग्नि और रासायनिक आपदा से निपटने का हुआ मॉक ड्रिल

मेरठ के तीन कॉलेजों और एचपीसीएल वेदव्यासपुरी में हुई मॉक एक्सरसाइज, तहसील स्तर पर अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से भूकंप आपदा के प्रति संवेदनशील प्रदेश के 34 जनपदों की 157 तहसीलों में शुक्रवार को भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) एवं अग्नि सुरक्षा पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसी क्रम में मेरठ में भी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर आपदा से निपटने की तैयारियों का अभ्यास कराया गया।

भूकंप और अग्नि सुरक्षा को लेकर सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज मेरठ, सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज सरधना और एएस इंटर कॉलेज मवाना में मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान आपदा की स्थिति में बचाव, राहत और सुरक्षा संबंधी तैयारियों को परखा गया।

एचपीसीएल में रासायनिक आपदा का अभ्यास

औद्योगिक (रासायनिक) आपदा की स्थिति से निपटने के लिए एचपीसीएल, वेदव्यासपुरी-परतापुर में ऑनसाइट मॉक ड्रिल कराई गई। इसके साथ ही एचपीसीएल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर ऑफसाइट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में रासायनिक आपदा की स्थिति में संबंधित विभागों के बीच समन्वय और बचाव व्यवस्था को परखना रहा।

अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

मॉक एक्सरसाइज का संचालन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में किया गया। तहसील स्तर पर संबंधित उप जिलाधिकारियों और अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय ने अभ्यास की जिम्मेदारियां संभालीं। राज्य स्तरीय इस अभ्यास के माध्यम से आपदा की स्थिति में प्रशासनिक और राहत-बचाव तंत्र की तैयारियों का परीक्षण किया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts