सुअर के बच्चे को बचाने में पलटी बाइक, दो युवकों की मौत

हादसे में एक युवक गंभीर घायल, रोहित माता-पिता का इकलौता बेटा था; मयंक के सिर से पहले ही उठ चुका था माता-पिता का साया

चंद्रपुर। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में सोमवार रात एक सुअर के बच्चे को बचाने की कोशिश तीन युवकों पर भारी पड़ गई। बिनबा गेट-शांतिधाम मार्ग पर अचानक बाइक के सामने सुअर का बच्चा आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

मृतकों की पहचान 27 वर्षीय रोहित मनोज शिंदे और 30 वर्षीय मयंक अनुप शर्मा के रूप में हुई है। हादसे में 20 वर्षीय साहिल महादेव बुरडकर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सुअर का बच्चा सामने आते ही बिगड़ा संतुलन

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब आठ बजे रोहित, मयंक और साहिल पल्सर बाइक से चोराला मार्ग से चंद्रपुर की ओर आ रहे थे। बाइक रोहित चला रहा था। बिनबा गेट-शांतिधाम मार्ग पर अचानक सुअर का बच्चा बाइक के सामने आ गया। उसे बचाने की कोशिश में रोहित ने बाइक मोड़ी, लेकिन नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक सड़क पर पलट गई।

हादसे में तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रोहित और मयंक को मृत घोषित कर दिया, जबकि साहिल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल रेफर किया गया।

रोहित था माता-पिता का इकलौता बेटा

रोहित शिंदे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वहीं मयंक शर्मा के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसकी बहन दिल्ली में रहती है और मयंक चंद्रपुर में अकेले रहकर निजी नौकरी करता था। दोनों युवकों की मौत की खबर से विठ्ठल मंदिर प्रभाग में शोक की लहर है।

पुलिस ने शुरू की जांच

रामनगर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। तीनों युवक काम के सिलसिले में घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने दो परिवारों का सहारा छीन लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts