वीरता पदक विजेताओं को अब आजीवन मुफ्त रेल यात्रा

जीवनसाथी और अविवाहित बलिदानियों के माता-पिता भी पात्र, एक नवंबर से IRCTC पर शुरू होगी टिकट बुकिंग

मेरठ। देश की रक्षा में अदम्य साहस दिखाने वाले वीरता पदक विजेताओं के सम्मान में रक्षा मंत्रालय ने बड़ी पहल की है। सेना मेडल, नौसेना मेडल और वायुसेना मेडल (गैलेंट्री) से सम्मानित विजेताओं को भारतीय रेल में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। पात्र जीवनसाथी और अविवाहित बलिदानी पदक विजेताओं के माता-पिता को भी इसका लाभ मिलेगा।

पात्र लाभार्थी फर्स्ट क्लास, सेकेंड एसी और एसी चेयर कार में यात्रा कर सकेंगे। विधवा या विधुर जीवनसाथी को पुनर्विवाह तक यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए डिजिटल और पेपरलेस प्रक्रिया अपनाई गई है।

ऑनलाइन बनेगा ई-पास

पात्र लाभार्थी इंडियन रेलवे कन्सेशन कार्ड पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। सत्यापन के बाद ई-पास जारी किया जाएगा। इसके आधार पर एक नवंबर 2026 से IRCTC वेब पोर्टल के जरिए मुफ्त रेल टिकट बुक किए जा सकेंगे।

मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और सैन्य परिवार रहते हैं। ऐसे में रक्षा मंत्रालय की इस सुविधा से क्षेत्र के पात्र वीरता पदक विजेताओं और उनके परिवारों को भी लाभ मिलेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts