56 किलो भारवर्ग में 175 किलो उठाकर घनिष्ठ ने जीता स्वर्ण
नोएडा में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, कृषक इंटर कॉलेज में सम्मानित हुआ अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर
मवाना। कृषक इंटर कॉलेज के कक्षा 12 के छात्र एवं अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर घनिष्ठ ने पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नोएडा में 18 से 20 सितंबर तक वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग कांग्रेस के तहत आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में घनिष्ठ ने 56 किलोग्राम भारवर्ग में 175 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। घनिष्ठ ने उत्तर प्रदेश से इस प्रतियोगिता में एकमात्र स्वर्ण पदक जीतने का दावा किया है।
कॉलेज में हुआ भव्य सम्मान
घनिष्ठ की उपलब्धि पर कृषक इंटर कॉलेज में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता नीरज कुमार ने किया। प्रधानाचार्य ने घनिष्ठ को पटका और मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने कहा कि घनिष्ठ ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। इससे पहले नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी घनिष्ठ ने 210 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने कहा कि छात्र की उपलब्धि से विद्यालय परिवार गौरवान्वित है।
खेल प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
प्रधानाचार्य ने कहा कि कृषक इंटर कॉलेज का योगदान केवल शिक्षा के क्षेत्र तक सीमित नहीं है। विद्यालय के खेल मैदान से कई प्रतिभाएं निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। घनिष्ठ ने भी इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।
सम्मान समारोह में वरिष्ठ प्रवक्ता नीरज कुमार, अमित गुप्ता, मोहित शर्मा, नाहर सिंह, डॉ. केशव कुमार, शिवम त्यागी समेत विद्यालय के शिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment