नोएडा से दिल्ली जाने वालों के लिए बड़ा ट्रैफिक अलर्ट, 3 दिन भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

BRICS शिखर सम्मेलन के चलते दिल्ली बॉर्डर पर सख्ती, कई रास्तों पर डायवर्जन; घर से निकलने से पहले जान लें वैकल्पिक मार्ग

नोएडा। दिल्ली में 10 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन को देखते हुए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नोएडा से दिल्ली जाने वाले भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अन्य वाहनों की आवाजाही भी जरूरत के अनुसार सीमित की जा सकती है।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दिल्ली की ओर जाने से पहले निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

चिल्ला बॉर्डर से जाने वाले वाहन

चिल्ला रेड लाइट बॉर्डर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को चिल्ला रेड लाइट से ही यू-टर्न लेना होगा। इसके बाद वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

DND से दिल्ली जाने पर भी डायवर्जन

DND बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों को DND टोल प्लाजा से यू-टर्न लेना होगा। इसके बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और फिर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल करना होगा।

कालिंदी कुंज से आने वाले वाहन

कालिंदी कुंज यमुना बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर जा सकेंगे।

यमुना एक्सप्रेस-वे से आने वालों के लिए रूट

यमुना एक्सप्रेस-वे से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को जीरो प्वाइंट से परीचौक, पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा।

इसी तरह परीचौक से दिल्ली जाने वाले वाहनों को भी परीचौक से पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का रास्ता लेना होगा।

फलैदा कट से भी वैकल्पिक मार्ग

यमुना एक्सप्रेस-वे से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए फलैदा कट, रबूपुरा सर्विस रोड, गलगोटिया, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, पुस्ता तिराहा, होंडा सीएल चौक और कस्बा कासना होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

एंबुलेंस और फायर सर्विस को मिलेगी प्राथमिकता

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन वाहनों को सुरक्षित तरीके से आगे जाने दिया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों और जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।

यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts