रोडवेज बस की टक्कर से पांच की मौत, मृतकों में पांच साल की बच्ची भी
दो बाइकों को चपेट में लेने के बाद बस छोड़कर चालक फरार, पुलिस ने बस कब्जे में ली
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में भसाना गांव के पास बुधवार को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर दोपहर लगभग 3:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
दो चचेरे भाइयों की भी मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इदरीश और साजिद के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई थे और कांधला कस्बे के रहने वाले थे। बताया गया कि दोनों किसी काम से मुजफ्फरनगर आए थे। काम निपटाने के बाद बाइक से घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
वहीं दूसरी बाइक पर फरमान, उसके जीजा मोमिन और फरमान की पांच वर्षीय बेटी अल्लो सवार थे। तीनों मुजफ्फरनगर खरीदारी के लिए आए थे। खरीदारी के बाद बाइक से तमेला गढ़ी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मोड़ पर दोनों बाइकों को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रोडवेज बस तेज रफ्तार में थी। भसाना गांव के पास मोड़ पर बस की चपेट में सामने से आ रही दोनों बाइक आ गईं। टक्कर के बाद सड़क पर घायल लोग पड़े रहे और मदद के लिए चीखते रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ओवरटेक करते समय हादसा होने की आशंका
एसएसपी संजीव कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक दो बाइक सवारों को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान बस की दोनों बाइकों से टक्कर हो गई। हादसे में मौके पर तीन लोगों की मौत हुई, जिनमें एक बच्ची शामिल थी, जबकि इदरीश और साजिद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एसएसपी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फरार बस चालक की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। मृतकों के परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
परिजनों में मचा कोहराम
साजिद और इदरीश के परिजन हादसे की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे। मोहम्मद शमशाद ने बताया कि साजिद और इदरीश उनके भाई थे और दोनों कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल स्थित चमन गार्डन कॉलोनी के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।



No comments:
Post a Comment