भाजपा पश्चिम क्षेत्र की नई टीम घोषित: मेरठ को मिली खास तवज्जो, 37 सदस्यीय कार्यसमिति में युवाओं और सामाजिक समीकरणों पर जोर

अंकुर राणा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बने, वरुण गोयल और सुखविंदर सोम को क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी; महिला, पिछड़ा, दलित और सामान्य वर्ग को प्रतिनिधित्व

मेरठ, 3 सितंबर 2026।

भाजपा ने गुरुवार देर शाम पश्चिम क्षेत्र की नई क्षेत्रीय कार्यसमिति की घोषणा कर दी। कुल 37 पदाधिकारियों और सदस्यों वाली इस टीम में क्षेत्रीय संगठन ने विभिन्न सामाजिक वर्गों और जातीय समीकरणों को साधने के साथ-साथ युवा चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं। कार्यसमिति में 10 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री, 10 मंत्री और 13 क्षेत्रीय सदस्य शामिल हैं।

नई टीम में सामान्य वर्ग के साथ वैश्य, ठाकुर, ब्राह्मण, गुर्जर, जाटव, कश्यप, सैनी, वाल्मीकि समेत विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। मेरठ महानगर संगठन में पहले जिम्मेदारी संभाल चुके कुछ नेताओं को भी क्षेत्रीय टीम में जगह मिली है।

अंकुर राणा का बढ़ा कद

मेरठ से छात्र राजनीति के जरिए मुख्यधारा की राजनीति में आए अंकुर राणा को क्षेत्रीय मंत्री से पदोन्नत कर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसे संगठन में उनके बढ़े कद के तौर पर देखा जा रहा है।

वहीं मेरठ कॉलेज की छात्र राजनीति से जुड़े वरुण गोयल को क्षेत्रीय मंत्री बनाया गया है। युवा मोर्चा के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम को भी मंत्री की जिम्मेदारी मिली है। बताया गया है कि सोम नई कार्यसमिति में सबसे कम उम्र के पदाधिकारियों में हैं।

छात्र राजनीति से आगे बढ़े आयुष पवार को भी क्षेत्रीय मंत्री बनाया गया है। युवा चेहरों को मिली इन जिम्मेदारियों को भाजपा की आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

37 सदस्यीय टीम में किसे क्या जिम्मेदारी

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष

विनोद त्यागी, मानसिंह गोस्वामी, हरेंद्र जाटव, प्रवीण मित्तल, बिजेंद्र कश्यप, अंकुर राणा, राजीव सिसोदिया, प्रदीप सैनी, विनादे चौधरी और सुभाष वाल्मीकि को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

क्षेत्रीय महामंत्री

अशोक मोंगा, हरीश सिंह, संजीव सिक्का गोयल और रुपेंद्र सैनी को क्षेत्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

क्षेत्रीय मंत्री

अजय भारद्वाज भराला, कुमुदिनी चौधरी सैनी, हरजिंदर कौर, सुखविंदर सोम, नितिन मलिक, महेश बाली, दीपक रिषि गौड़, वरुण गोयल, सौरव पाल लोधी और आयुष पवार को क्षेत्रीय मंत्री बनाया गया है।

क्षेत्रीय सदस्य

मनोज शर्मा, गीता शर्मा, नितिन शर्मा, राजे कसाना, रवीना सिंह, कृष्ण चंद सैनी, रोहिल वाल्मीकि, हरमीत बख्शी, हेमंत लोधी, ललित गर्ग मोदी, संजय राणा, सतेंद्र चौधरी और राजीव लोचन प्रजापति को क्षेत्रीय सदस्य बनाया गया है।

अजय भराला को भी अहम जिम्मेदारी

मेरठ से जुड़े अजय भराला को क्षेत्रीय मंत्री बनाया गया है। वह दर्जा प्राप्त मंत्री रहे और वर्तमान में परशुराम परिषद के अध्यक्ष पंडित सुनील भराला के छोटे भाई हैं। उनकी नियुक्ति को ब्राह्मण समाज में पार्टी की पकड़ मजबूत करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

मेरठ महानगर संगठन में लंबे समय तक पदाधिकारी रहे महेश बाली को भी क्षेत्रीय टीम में जगह मिली है। वहीं हरीश सिंह ठाकुर को दोबारा क्षेत्रीय संगठन में स्थान दिया गया है।

महिला प्रतिनिधित्व पर भी जोर

नई कार्यसमिति में महिला प्रतिनिधित्व को भी जगह दी गई है। गीता शर्मा, कुमुदिनी चौधरी सैनी और हरजिंदर कौर को टीम में शामिल किया गया है। इससे संगठन में महिला भागीदारी को लेकर पार्टी के रुख का संकेत मिलता है।

नोएडा का प्रभाव चर्चा में

नई कार्यसमिति की घोषणा के बाद भाजपा के अंदरखाने संगठनात्मक समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कुछ कार्यकर्ताओं का मानना है कि इस बार की सूची में नोएडा से जुड़े संगठनात्मक प्रभाव की भूमिका प्रमुख रही है। हालांकि पार्टी की ओर से सूची तैयार करने में किसी क्षेत्र विशेष के प्रभाव को लेकर कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है।

नई क्षेत्रीय टीम में सामाजिक संतुलन, युवा चेहरों और पुराने संगठनात्मक अनुभव का मिश्रण दिखाई दे रहा है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा संगठन को मजबूत करने में इस टीम की भूमिका अहम मानी जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts