35 मिनट तक आसमान में दिखेगा रोमांच, पहली बार मेरठ में गरजेंगे सूर्य किरण के नौ विमान

19 और 20 सितंबर को होगा एयर शो; लाल-सफेद हॉक विमान बनाएंगे हैरतअंगेज फॉर्मेशन, 5 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था

आसमान में बनेगा तिरंगा, पहली बार मेरठ में गूंजेगा सूर्य किरण का शौर्य

19-20 सितंबर को मोहिउद्दीनपुर में एयर शो; नौ हॉक विमान दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब, तीन मेरठी स्क्वाड्रन लीडर भी होंगे टीम का हिस्सा

मेरठ। मेरठ के आसमान में 19 और 20 सितंबर को पहली बार भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम रोमांच और शौर्य का प्रदर्शन करेगी। मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में होने वाले एयर शो में नौ हॉक एमके-132 विमान एक साथ उड़ान भरकर आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन बनाएंगे। विमानों की सटीक टाइमिंग और आपसी सामंजस्य से होने वाले हवाई करतब दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे।

इस एयर शो की खास बात यह भी है कि सूर्य किरण टीम में मेरठ से जुड़े तीन स्क्वाड्रन लीडर शामिल हैं। स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल, स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह और स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल की टीम में मौजूदगी मेरठ के लिए गौरव का विषय होगी।

लूप, बैरल रोल और डीएनए मैनूवर से रोमांच

एयर शो के दौरान हॉक एमके-132 विमान लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैनूवर समेत कई रोमांचक एरोबेटिक फॉर्मेशन का प्रदर्शन करेंगे। आसमान में बेहद कम अंतर पर उड़ते विमानों की सटीक कलाबाजियां दर्शकों को रोमांचित करेंगी।

आसमान में दिखेगी तिरंगे की छटा

प्रदर्शन के दौरान विमानों के पीछे केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरें नजर आएंगी। हॉक विमानों में नासिक स्थित वायुसेना के बेस रिपेयर डिपो में विकसित स्वदेशी स्मोक पॉड्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इनके जरिए आसमान में तिरंगे के रंगों की छटा बिखरेगी।

दर्शकों के लिए खुले पंडाल में होगी व्यवस्था

एयर शो देखने के लिए न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में खुले पंडाल की व्यवस्था की जा रही है। प्रवेश मार्ग, खान-पान, वीआईपी और वीवीआईपी व्यवस्था के साथ सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम भी किए जा रहे हैं।

राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि मेरठ में एयर शो कराने का प्रस्ताव उन्होंने 13 मई को भेजा था, जिसे आठ सितंबर को मंजूरी मिली। उत्तर प्रदेश में सूर्य किरण एरोबैटिक टीम का यह दूसरा एयर शो है। इससे पहले लखनऊ में टीम प्रदर्शन कर चुकी है।

जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से एयर शो के लिए जरूरी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। 19 और 20 सितंबर को मेरठ का आसमान सूर्य किरण के विमानों की कलाबाजियों और तिरंगे की रंगीन लकीरों से सजेगा।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts