251 किलो विदेशी फूलों से सजा श्रीकृष्ण का दरबार, जन्माष्टमी महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

इस्कॉन दिल्ली रोड के आयोजन में बच्चों से बुजुर्गों तक ने किया श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन, फूलों की होली में भक्ति के रंग में झूमे श्रद्धालु

परतापुर। इस्कॉन दिल्ली रोड की ओर से द बिग बाइट में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन स्थल को वृंदावन से आए कलाकारों ने करीब 251 किलोग्राम सुगंधित और विदेशी फूलों से आकर्षक ढंग से सजाकर श्रीकृष्ण दरबार को भव्य स्वरूप दिया।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि अरविंद अग्रवाल, कमल ठाकुर और जय भगवान मित्तल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद तुलसी आरती और गौर आरती हुई। कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत गोपी चंदन का तिलक लगाकर और इत्र छिड़ककर किया गया।

नन्हे कलाकारों ने दिखाई कृष्ण की लीलाएं

कार्यक्रम में तीन वर्ष के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने भगवान श्रीकृष्ण, श्री राधा रमण, श्री राधा गोविंद और अष्ट सखियों की लीलाओं का मंचन किया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।

स्लाइड शो के जरिए सुनाई कृष्ण की दिव्य लीलाएं

इस्कॉन इंडिया यूथ काउंसिल के अध्यक्ष गौर सुंदर गोपाल प्रभु भी महोत्सव में पहुंचे। आशीष दशामाना ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। गौर सुंदर गोपाल प्रभु ने स्लाइड शो के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं और उनके आध्यात्मिक महत्व का वर्णन किया।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में किया गया निष्काम प्रणाम अत्यंत पुण्यदायी है। श्रीकृष्ण की शरण में जाने से जीव जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति प्राप्त कर सकता है।

देश-विदेश में हुआ सीधा प्रसारण

जन्माष्टमी महोत्सव का इंटरनेट के माध्यम से देश-विदेश में भी सीधा प्रसारण किया गया, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े।

फूलों की होली में झूमे श्रद्धालु

समारोह का समापन नरसिंह आरती और फूलों की होली के साथ हुआ। फूलों की वर्षा के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे और पूरा परिसर श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

आयोजन को सफल बनाने में विश्व योग, कृष्ण बंधु, सत्यम स्कन्ध, सचि नंदन, कमल किशोर और अनिला गोविंद समेत अन्य कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts