गाजियाबाद बना मास्टर वैभव टी-20 चैम्पियनशिप का विजेता

रोमांचक फाइनल में एमडीसीए को 13 रन से हराया, एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी जीती

मेरठ। कैंट स्थित गांधी बाग मैदान पर चल रही मास्टर वैभव टी-20 चैम्पियनशिप का शनिवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो गया। खिताबी मुकाबले में गाजियाबाद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमडीसीए को 13 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता एमडीसीए को 60 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।

गाजियाबाद के कप्तान प्रिंस यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 175 रन बनाए और एमडीसीए के सामने 176 रन का लक्ष्य रखा। गाजियाबाद की ओर से यश गर्ग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 रन बनाए। शांतनु ने 41 और कप्तान प्रिंस यादव ने 28 रन का योगदान दिया। एमडीसीए की ओर से विनीत पंवार ने चार और पृथ्वीराज सिंह ने दो विकेट लिए।



65 रन बनाकर भी टीम को नहीं दिला सके जीत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमडीसीए ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और विकेट बचाते हुए रन गति बढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि गाजियाबाद के गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों ने दबाव बनाए रखा। निर्धारित 20 ओवर में एमडीसीए की टीम नौ विकेट के नुकसान पर 164 रन ही बना सकी और 13 रन से मुकाबला गंवा दिया।

एमडीसीए की ओर से आईपीएल खिलाड़ी समीर रिजवी ने सर्वाधिक 65 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका। गाजियाबाद की ओर से कप्तान प्रिंस यादव ने चार विकेट चटकाए। आयुष चौधरी ने दो, जबकि आयुष, यश गर्ग और हार्दिक ने एक-एक विकेट लिया।

पुरस्कार देकर किया सम्मानित

फाइनल मुकाबले के बाद आयोजकों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। रोमांचक मुकाबले का दर्शकों ने भी जमकर आनंद लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts