साइबर ठगी में फंसे कारोबारी के 1.55 करोड़ लौटाए
व्हाट्सएप हैक कर 1.80 करोड़ उड़ाए थे ठगों ने, बैंक खातों में रकम फ्रीज कराने के बाद कोर्ट के आदेश पर हुई वापसी
मेरठ, 8 सितंबर। साइबर ठगों के जाल में फंसकर एक करोड़ 80 लाख रुपये गंवाने वाले कारोबारी को बड़ी राहत मिली है। साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से एक करोड़ 55 लाख 98 हजार 300 रुपये वापस करा दिए। कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को यह रकम आवेदक को लौटाई गई।
साइबर थाना प्रभारी महावीर सिंह के अनुसार कारोबारी संदीप गोयल ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल नंबर हैक कर व्हाट्सएप के जरिए एक करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी की। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर रकम की रिकवरी के लिए विशेष प्रयास किए गए।
एसपी क्राइम अवनीश कुमार की मॉनिटरिंग में साइबर थाना पुलिस ने उन सभी बैंक खातों की जानकारी जुटाई, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। पुलिस टीम ने संबंधित बैंकों के अधिकारियों से संपर्क कर खातों में रकम फ्रीज कराई। बैंक अधिकारियों के सहयोग से 1.55 करोड़ रुपये से अधिक की रकम सुरक्षित करा ली गई।
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को एक करोड़ 55 लाख 98 हजार 300 रुपये आवेदक प्रज्ज्वल अग्रवाल को वापस करा दिए गए। पुलिस के मुताबिक इतनी बड़ी रकम की रिकवरी में साइबर थाना प्रभारी महावीर सिंह के साथ इंस्पेक्टर देवेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार और कांस्टेबल रोहित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी से बचने के लिए मोबाइल नंबर, बैंकिंग जानकारी और व्हाट्सएप अकाउंट की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। खासकर अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी गई है।


No comments:
Post a Comment