राजनीति विज्ञान विभाग में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत
बीए, एमए और एमपीए प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित हुआ दीक्षारंभ कार्यक्रम
मेरठ, 8 सितंबर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में बीए, एमए एवं एमपीए प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय और विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, सुविधाओं तथा अध्ययन के अवसरों से परिचित कराना रहा।
विभागाध्यक्ष प्रो. अतवीर सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उच्च शिक्षा के महत्व, शैक्षणिक अनुशासन और नियमित अध्ययन पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को तार्किक एवं आलोचनात्मक चिंतन विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए राजनीति विज्ञान की व्यापकता और वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों में इसकी उपयोगिता की जानकारी दी।
सह विभागाध्यक्ष डॉ. मुनेश कुमार ने विभाग की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों, पाठ्यक्रम, पुस्तकालय, संगोष्ठियों और विचार-गोष्ठियों सहित उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय की सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने व्यक्तित्व के समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
संकाय सदस्य डॉ. चंचल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि डॉ. देवेंद्र ने स्वागत वक्तव्य दिया। डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. जयवीर सिंह, डॉ. रवि पोसवाल, डॉ. सानिया खानम सहित विभाग के अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने अपना परिचय देते हुए अपनी जिज्ञासाएं और विचार साझा किए। विभागीय शिक्षकों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उच्च शिक्षा, शोध, रोजगार और भविष्य की अध्ययन संबंधी संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया।


No comments:
Post a Comment