गोलीकांड में भूरा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, जमानत खारिज
मेरठ में पड़ोसी के घर में घुसकर गोली चलाने और धमकी देने का आरोप; पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी का बेटा जेल भेजा गया
मेरठ। पड़ोसी के घर में घुसकर गोली चलाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा की जमानत अर्जी अदालत ने खारिज कर दी। बुधवार को पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां सुनवाई के बाद कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए। देर शाम कोतवाली पुलिस ने उसे जिला कारागार में दाखिल करा दिया। जेल पहुंचने पर उसे मुलाहिजा बैरक में रखा गया।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय बहलीम का है। यहां निवासी हाजी सिराज ने सोमवार को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि फिरोज उर्फ भूरा अपने साथियों के साथ उनके घर में घुसा और गोली चलाने के साथ जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के साथ घटना का वीडियो भी पुलिस को दिया गया था।
वीडियो और सीसीटीवी फुटेज से हुई पुष्टि
पुलिस ने घटना से संबंधित वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस के अनुसार, फुटेज में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस ने चार टीमें गठित कीं। टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ आरोपियों की गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटाई।
मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि फिरोज उर्फ भूरा अपने घर पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
शाम को कोर्ट में हुई पेशी
गिरफ्तारी के बाद भूरा को रातभर कोतवाली में रखा गया। बुधवार को उसकी पेशी दोपहर तक होने की उम्मीद थी, लेकिन शाम करीब पांच बजे पुलिस ने न्यायालय में रिमांड दाखिल किया। सुनवाई के बाद अदालत ने जमानत अर्जी खारिज करते हुए उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कोर्ट से जेल भेजने का आदेश मिलने के बाद भी भूरा करीब दो घंटे तक पुलिस वाहन में बैठा रहा। शाम करीब सात बजे पुलिस उसे जिला कारागार लेकर पहुंची, जहां आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल में दाखिल किया गया।
अदनान समेत दो आरोपियों की तलाश
भूरा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में शामिल अदनान समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के अनुसार, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

No comments:
Post a Comment