भाजपा को झटका:

 मेरठ ब्लॉक प्रमुख कपिल मुखिया ने पार्टी छोड़ी

कार्यकर्ताओं की अनदेखी और जनसमस्याओं का समाधान न होने का लगाया आरोप, बोले- समाज से बातचीत के बाद तय करेंगे आगे की रणनीति

मेरठ। भाजपा को मेरठ में बड़ा झटका लगा है। मेरठ ब्लॉक प्रमुख कपिल मुखिया ने बृहस्पतिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान न होने, सीलिंग कार्रवाई और पार्टी संगठन में कार्यकर्ताओं की अनदेखी को इस्तीफे की वजह बताया।

कपिल मुखिया ने कहा कि क्षेत्र के लोग लगातार परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। आवास विकास परिषद और मेरठ विकास प्राधिकरण की ओर से सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है, जबकि मुआवजे की रकम में भी बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। उन्होंने सेंट्रल मार्केट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि व्यापारी और आम लोग परेशान हैं। नए निर्माण के बजाय पुराने निर्माण तोड़े जा रहे हैं।

बोले- समाज ने बनाया ब्लॉक प्रमुख

कपिल मुखिया ने कहा कि उन्हें समाज के लोगों ने ब्लॉक प्रमुख बनाया है। इसलिए अब वह उन्हीं लोगों के हित में भाजपा से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में उनके पास कोई पद नहीं था और वह केवल पार्टी के प्राथमिक सदस्य थे।

कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप

उन्होंने भाजपा संगठन पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में भी कार्यकर्ताओं को समय से सूचना नहीं दी जाती। कार्यकर्ताओं की मेहनत को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को मेरठ में प्रभारी मंत्री भी मौजूद हैं, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं दी गई।

समाज से बातचीत के बाद लेंगे फैसला

पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद कपिल मुखिया ने कहा कि वह अब समाज के लोगों से बातचीत करेंगे। इसके बाद ही अपनी आगे की राजनीतिक दिशा और रणनीति को लेकर निर्णय लेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts