शेयर बाजार में भूचाल: सेंसेक्स 1100 अंक टूटा, निफ्टी 350 अंक लुढ़का
महंगा कच्चा तेल और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल से दबाव, निवेशकों की दौलत करीब 4 लाख करोड़ रुपये घटी
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को भारी बिकवाली देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 1100 अंक यानी 1.40 प्रतिशत टूटकर 73,700 के आसपास पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 350 अंक यानी 1.50 प्रतिशत गिरकर 23,100 के स्तर पर आ गया। बैंकिंग, मेटल और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव रहा।
कच्चा तेल 100 डॉलर के पार
बाजार में गिरावट की एक प्रमुख वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेजी मानी जा रही है। ब्रेंट क्रूड करीब 102 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। ईरान-अमेरिका तनाव और होर्मुज स्ट्रेट से आपूर्ति को लेकर बनी चिंताओं के कारण तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ा है। महंगे तेल से भारत के आयात बिल, महंगाई और रुपये पर असर पड़ने की आशंका रहती है।
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से विदेशी निवेश पर असर
अमेरिकी 10 वर्षीय ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड बढ़कर 5.11 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो 2007 के बाद का ऊंचा स्तर बताया गया है। अमेरिकी बॉन्ड से मिलने वाला अधिक रिटर्न निवेशकों के लिए डॉलर आधारित निवेश को आकर्षक बनाता है। ऐसे माहौल में विदेशी निवेशक उभरते बाजारों से पूंजी निकाल सकते हैं, जिससे भारतीय शेयर बाजार पर दबाव बढ़ता है।
इंश्योरेंस शेयर भी दबाव में
IRDAI के प्रस्तावित नियमों में बदलाव को लेकर बाजार में चिंता है। आशंका है कि इससे इंश्योरेंस कंपनियों के कमीशन और डिस्ट्रीब्यूशन आय पर असर पड़ सकता है। इसका दबाव बैंकिंग और वित्तीय शेयरों पर भी दिखाई दिया। PB फिनटेक करीब 10 प्रतिशत तक गिरा, जबकि एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयर भी दबाव में रहे।
निवेशकों की संपत्ति करीब 4 लाख करोड़ रुपये घटी
बाजार में तेज गिरावट के बीच बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण करीब 3.94 लाख करोड़ रुपये घट गया। बुधवार को बाजार बंद होने पर यह करीब 485 लाख करोड़ रुपये था, जो गुरुवार दोपहर 3:20 बजे तक घटकर करीब 481 लाख करोड़ रुपये रह गया।
दो IPO आज से खुले
ए-वन स्टील्स और मनीव्यू के आईपीओ भी गुरुवार से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गए। दोनों आईपीओ में निवेशक 28 सितंबर तक बोली लगा सकेंगे। ए-वन स्टील्स आईपीओ के जरिए 405 करोड़ रुपये, जबकि मनीव्यू करीब 1,091.68 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है।

No comments:
Post a Comment