UPTET 2026 का परिणाम घोषित, 13.30 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल

प्राथमिक स्तर पर 80.07% और उच्च प्राथमिक में 71.85% अभ्यर्थी उत्तीर्ण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने बुधवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा UPTET 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में शामिल 19.94 लाख से अधिक अभ्यर्थियों में से 13.30 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। परिणाम विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत जारी किया गया।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार UPTET 2026 की लिखित परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित की गई थी। इस तरह परीक्षा कुल पांच पालियों में प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर कराई गई। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पंजीकरण को देखते हुए परीक्षा तीन दिनों में आयोजित की गई थी।

प्राथमिक स्तर पर 80.07 प्रतिशत सफल

कक्षा एक से पांच तक के प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थी यानी 80.07 प्रतिशत सफल घोषित किए गए हैं।

वहीं, कक्षा छह से आठ तक के उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी यानी 71.85 प्रतिशत उत्तीर्ण हुए हैं।

नॉर्मलाइजेशन से तैयार हुआ परिणाम

आयोग के अनुसार परीक्षा पांच पालियों में आयोजित होने के कारण विज्ञापन के बिंदु-9 में निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन (नॉर्मलाइजेशन) प्रक्रिया का पालन करते हुए परिणाम तैयार किया गया है। आयोग ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का दावा किया है।

कार्यरत शिक्षकों का प्रदर्शन भी बेहतर

UPTET 2026 में पहले से कार्यरत शिक्षकों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। प्राथमिक स्तर पर परीक्षा में शामिल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 यानी 76.29 प्रतिशत सफल रहे।

उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 यानी 77.45 प्रतिशत शिक्षक उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं।

आयोग के अनुसार अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts