मेडिकल कॉलेज के फार्मेसी विभाग को QCI मूल्यांकन में मिला ‘ए’ ग्रेड
मेरठ। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के फार्मेसी विभाग ने गुणवत्ता और शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विभाग को क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) के निरीक्षण एवं मूल्यांकन में प्रतिष्ठित ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। कॉलेज प्रशासन ने इसे फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता का प्रमाण बताया है।
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता के नेतृत्व में कॉलेज लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इसी क्रम में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) के तत्वावधान में QCI की ओर से किए गए कठोर मूल्यांकन में विभाग को ‘ए’ ग्रेड मिला है। यह उपलब्धि संस्थान के लिए गौरव का विषय है।
11 प्रमुख मानकों पर हुआ मूल्यांकन
QCI के मूल्यांकन में फार्मेसी विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्था, प्रयोगशाला सुविधाएं, आधारभूत ढांचा, अनुसंधान, संकाय की गुणवत्ता और उद्योग-अकादमिक तालमेल समेत 11 प्रमुख मानकों को आधार बनाया गया। मूल्यांकन में ‘ए’ ग्रेड मिलना विभाग की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और छात्र-केंद्रित शिक्षण व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी फार्मास्यूटिकल शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यार्थियों के प्रशिक्षण और प्लेसमेंट पर जोर
डॉ. गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और बेहतर प्लेसमेंट अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। उच्च स्तरीय प्रयोगशालाओं और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं फार्मास्यूटिकल क्षेत्र की भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है। आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी जारी है।
इस उपलब्धि पर प्राचार्य और सभी संकाय सदस्यों ने फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सहित डॉ. एसके पालीवाल, डॉ. विभु साहनी, डॉ. अमरेंद्र चौधरी, डॉ. नीरज मसंद, डॉ. रितु गुप्ता, डॉ. राहुल सिंह और डॉ. वंदना सिंह समेत विभाग के सभी कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


No comments:
Post a Comment