मेरठ में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू
कांवड़ यात्रा को लेकर कई मार्गों पर डायवर्जन; स्टेशन जाने के लिए भी बदला रास्ता
मेरठ। कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मेरठ शहर में मंगलवार से वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई। यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग और डायवर्जन प्लान जारी किया है। प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं कांवड़ मार्ग पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात व्यवस्था में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है।
दिल्ली-देहरादून हाईवे को पहले ही वन-वे किया जा चुका है। एसपी यातायात के अनुसार शहर में लागू व्यवस्था का उद्देश्य कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के साथ आम लोगों के आवागमन को सुचारु बनाए रखना है।
दिल्ली रोड पर इन चौराहों से आवागमन
जीरो माइल, बेगमपुल, जली कोठी, रेलवे रोड, बागपत अड्डा, टीपी नगर गेट, शॉप्रिक्स मॉल और रिठानी कट से यातायात संचालित किया जाएगा।
हापुड़ रोड के लिए वैकल्पिक मार्ग
बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा, हापुड़ अड्डा, कमेला पुल, एल-ब्लॉक शास्त्रीनगर और बिजली बंबा चौराहा से होकर आवागमन किया जा सकेगा।
गढ़ रोड पर इन रास्तों का करें इस्तेमाल
गांधी आश्रम चौराहा, सोहराब गेट बस अड्डा, आरटीओ कट, तेजगढ़ी चौराहा, डिग्गी तिराहा और मेडिकल गेट के सामने से यातायात संचालित होगा।
रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए भी बदला रास्ता
सिटी रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री दिल्ली रोड स्थित रेलवे रोड चौराहे का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं कैंट रेलवे स्टेशन जाने के लिए बेगमपुल और जीरो माइल चौराहे से रजबन होते हुए जाने की व्यवस्था की गई है।
एनएच-58 से शहर आने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
कांवड़ मार्ग को छोड़कर एनएच-58 से मेरठ शहर की ओर आने वाले वाहन मोदीपुरम पुल, छठी वाहिनी पीएसी, टैंक चौराहा, जीरो माइल, बेगमपुल, बच्चा पार्क और हापुड़ अड्डा होते हुए हापुड़ रोड की ओर जा सकेंगे।
कंकरखेड़ा बाईपास पुल और खिर्वा बाईपास पुल से आने वाले वाहन शिव चौक कंकरखेड़ा, सब एरिया कैंटीन चौराहा, टैंक चौराहा, जीरो माइल और बेगमपुल होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेंगे। रोहटा बाईपास पुल से रोहटा रेलवे फाटक होते हुए रेलवे रोड चौराहा और बागपत बाईपास पुल से मलियाना पुल, टीपी थाना चौराहा होते हुए बागपत अड्डा की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी।
दिल्ली रोड से हापुड़ और गढ़ रोड जाने के लिए डायवर्जन
कांवड़ मार्ग को छोड़कर दिल्ली रोड से हापुड़ और गढ़ रोड जाने वाले वाहन जली कोठी से छतरी वाला पीर तिराहा, खैरनगर और बच्चा पार्क होते हुए जा सकेंगे। रेलवे रोड चौराहे से घंटाघर, छतरी वाला पीर, खैरनगर और बच्चा पार्क होकर भी वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहेगा।
मेट्रो प्लाजा तिराहा से चौकी गौरीपुरा, भूमियापुल, गोलाकुआं होते हुए हापुड़ अड्डा जाने की व्यवस्था रहेगी। शॉप्रिक्स मॉल से जुर्रानपुर फाटक, बिजली बंबा चौराहा और एल-ब्लॉक तिराहा होते हुए हापुड़ और गढ़ रोड की ओर जाया जा सकेगा।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।


No comments:
Post a Comment