PSI इंडिया को CSR टाइम्स अवार्ड, मातृछाया को गोल्ड तो हेल्थ फॉर ऑल को मिला सिल्वर
नई दिल्ली, 4 अगस्त। सरकार के साथ मिलकर समुदाय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग कर रही पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (PSI इंडिया) को मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में CSR टाइम्स अवार्ड से सम्मानित किया गया।
संस्था को रूरल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट श्रेणी में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया फाउंडेशन द्वारा वित्त पोषित ‘मातृछाया’ कार्यक्रम के लिए गोल्ड अवार्ड मिला। वहीं, निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस द्वारा वित्त पोषित ‘हेल्थ फॉर ऑल’ (इंटीग्रेटेड प्राइमरी हेल्थ केयर डिलीवरी टिल द लास्ट माइल) कार्यक्रम के लिए सिल्वर अवार्ड प्रदान किया गया।
PSI इंडिया के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकेश शर्मा ने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से ‘मातृछाया’ कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश में की गई है। कार्यक्रम के पहले चरण में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बहराइच, बलरामपुर और हरदोई जिलों में एक-एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का चयन किया गया।
इन स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव स्थल और प्रसव कक्ष की व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप आधुनिक और सुदृढ़ किया गया। इसके अलावा प्रसव बिस्तरों, नवजात शिशु देखभाल क्षेत्र, नर्सिंग स्टेशन और हाथ धोने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इससे प्रसूताओं और नवजात शिशुओं को बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिली।
मुकेश शर्मा ने कहा कि ‘मातृछाया’ कार्यक्रम को CSR टाइम्स का गोल्ड अवार्ड मिलना संस्था और इससे जुड़े सहयोगियों के लिए उत्साहवर्धक है। इससे सेवाओं को और बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
चार मोबाइल मेडिकल यूनिट से ग्रामीणों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवा
वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए PSI इंडिया ने स्वास्थ्य विभाग और निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के सहयोग से चार मेडिकल मोबाइल यूनिट संचालित की हैं।
डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस ये मोबाइल मेडिकल यूनिट ग्रामीणों में सामान्य रोगों की जांच के साथ आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर करने की सुविधा भी दी जाती है।
‘हेल्थ फॉर ऑल’ कार्यक्रम के तहत किशोर-किशोरियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक बदलावों के साथ-साथ एनीमिया से बचाव को लेकर भी परामर्श दिया जाता है।
समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रयास के लिए PSI इंडिया को CSR टाइम्स सिल्वर अवार्ड से सम्मानित किया गया।


No comments:
Post a Comment