हर रिश्ते की नींव है खुला संवाद: बेटियां फाउंडेशन ने आयोजित किया विवाह पूर्व संवाद कार्यक्रम

मेरठ। बेटियां फाउंडेशन के कार्यालय, एसोसिएट प्लाजा (पीवीएस मॉल के निकट), शास्त्री नगर में राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल "तेरे मेरे सपने" (PMCC) विवाह पूर्व संवाद केंद्र के अंतर्गत "मंथन मिशन" – विवाह पूर्व संवाद एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में एमिटी विश्वविद्यालय, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी , एस आर एम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी ,  ओ पी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए करीब 17 युवाओं ने भाग लिया।

करीब तीन घंटे तक चले संवाद सत्र में बेटियां फाउंडेशन की पीएमसीसी प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर की प्रमुख अंजू पांडेय और नोडल अधिकारी कुसुम शर्मा ने युवाओं के साथ खुलकर चर्चा की। इस दौरान विवाह से पहले एक-दूसरे को समझने, प्रभावी संवाद, आपसी सम्मान, विश्वास, पारिवारिक मूल्यों, जिम्मेदारियों, आर्थिक योजना, मानसिक एवं भावनात्मक परिपक्वता तथा भविष्य की अपेक्षाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

प्रतिभागियों ने कहा कि विवाह केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर का दायित्व है, जिसकी मजबूत नींव आपसी समझ, विश्वास और खुले संवाद पर आधारित होती है। कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि विवाह से पूर्व उचित मार्गदर्शन और संवाद वैवाहिक जीवन को अधिक सुखद, सम्मानपूर्ण और स्थायी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में आकृति, अवनी, हलीमा, कुशाग्र, पावनी, प्रियांश, राधिका, रति, रोहन, सूकैना, वीर प्रताप, कृष्णा, प्रथम और यशिका सहित सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय महिला आयोग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

बेटियां फाउंडेशन की बबीता कटारिया ने कहा कि "तेरे मेरे सपने" विवाह पूर्व संवाद केंद्र का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील बनाना है, ताकि वे समझदारी के साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत करें और खुशहाल परिवार तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभा सकें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts