दिल्ली-NCR में CNG के दाम बढ़े, ₹3.89 प्रति किलो तक महंगी
IGL ने शनिवार सुबह 6 बजे से लागू की नई दरें, मेरठ-शामली में अब ₹95.47 प्रति किलो
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी वाहन चलाने वालों को महंगाई का एक और झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने संपीड़ित प्राकृतिक गैस (CNG) की कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें शनिवार सुबह छह बजे से लागू हो गई हैं।
कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में सीएनजी का दाम 83.09 रुपये से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो हो गया है। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की नई कीमत 95.59 रुपये प्रति किलो हो गई है।
मेरठ-शामली में भी बढ़े दाम
सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों पर भी पड़ा है। मेरठ और शामली में अब सीएनजी 95.47 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी। वहीं, गुरुग्राम में सीएनजी का नया दाम 92.01 रुपये प्रति किलो और रेवाड़ी में 91.59 रुपये प्रति किलो हो गया है।
पश्चिम एशिया संकट का असर
आईजीएल के अनुसार सीएनजी के लिए आवश्यक प्राकृतिक गैस का एक बड़ा हिस्सा आयातित तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) से पूरा किया जा रहा है। पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद हाजिर और मौजूदा बाजार में एलएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से सीएनजी की कीमतों में संशोधन किया गया है।
इस साल पांचवीं बार बढ़े दाम
सीएनजी की कीमतों में इस साल यह पांचवीं बढ़ोतरी बताई गई है। इससे पहले आईजीएल ने महज 10 दिनों के भीतर चार चरणों में सीएनजी की कीमत में कुल 6 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की थी। लगातार हो रही कीमतों में बढ़ोतरी से सीएनजी वाहनों के परिचालन खर्च पर भी सीधा असर पड़ने की संभावना है।


No comments:
Post a Comment