सीतापुर में IPS के पिता पर 25 राउंड फायरिंग कराने का आरोप

जमीन विवाद में महिला को हत्या की धमकी

सीतापुर।सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। महिला ने झारखंड में ट्रेनी IPS मयंक बाजपेई के पिता विपिन बाजपेई पर करीब 24-25 हथियारबंद लोगों के जरिए फायरिंग कराने और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने 9 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

अढ़ौरी बाईपास मोड़ के पास रविवार दोपहर करीब 2 बजे हुई घटना से इलाके में दहशत फैल गई। महिला शोभना शुक्ला का आरोप है कि डीसीएम में सवार होकर आए लोगों ने उनके घर के बाहर गाली-गलौज की और इसके बाद गोलियां चलाईं। उन्होंने घर से बाहर खींचकर हत्या करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

डेढ़ करोड़ की जमीन को लेकर विवाद

शोभना के मुताबिक, उन्होंने 2018 में अढ़ौरी बाईपास पर 19 बिस्वा यानी करीब 8,265 वर्गफीट जमीन का बैनामा कराया था। इसकी मौजूदा कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है। जमीन के एक हिस्से पर उनका मकान बना हुआ है और बाकी जमीन पर भी उनका कब्जा है।

महिला का कहना है कि 2022 में कैमहरा गांव निवासी विपिन बाजपेई ने भी इसी जमीन को लेकर बैनामा कराया। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। शोभना के अनुसार, करीब दो महीने पहले महोली तहसील में जमीन विवाद का फैसला उनके पक्ष में आया था। इसके बावजूद दूसरे पक्ष पर जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप है।

घर और सोलर पैनल पर मिले गोली के निशान

महिला के मुताबिक, घटना के समय वह घर में अकेली थीं। उनके पति और बच्चे देवरिया गांव गए हुए थे। आरोप है कि हथियारों से लैस लोग डीसीएम से पहुंचे और घर के बाहर फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग के बाद घर की दीवार और बाहर लगे सोलर पैनल पर गोली के निशान मिले। पुलिस ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। हालांकि, पुलिस के अनुसार घटना में किसी को चोट नहीं आई।

9 लोग हिरासत में, जांच जारी

इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत मिली है। फायरिंग समेत लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी।

सीओ महोली नागेंद्र चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हवाई फायरिंग का है। मौके से दो कारतूस के खोखे मिले हैं। पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

कौन हैं ट्रेनी IPS मयंक बाजपेई?

मयंक बाजपेई ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 149वीं रैंक हासिल की थी। यह उनका तीसरा प्रयास था। वर्तमान में वह झारखंड में ट्रेनी IPS के तौर पर तैनात बताए गए हैं। उनके पिता विपिन बाजपेई किसान हैं। मयंक ने शुरुआती पढ़ाई सीतापुर से की और इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts