साइकिल पर कांवड़, कंधे पर गंगाजल... दो DCP और GST कमिश्नर बने शिवभक्त, बाबूगढ़ में पुलिस ने बरसाए फूल

हापुड़। कांवड़ यात्रा में आमतौर पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी निभाते नजर आने वाले वरिष्ठ अफसर इस बार खुद शिवभक्ति के रंग में दिखाई दिए। दिल्ली पुलिस के दो DCP और GST विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी साइकिल से कांवड़ लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। बृजघाट से गंगाजल लेकर निकले इन अधिकारियों का लक्ष्य चांदनी चौक स्थित प्राचीन गौरी शंकर मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करना है।

साइकिल पर कांवड़ लेकर चल रहे शिवभक्तों में दिल्ली पुलिस के DCP विपुल अनेकांत, DCP संदीप लांबा और GST विभाग के एडिशनल कमिश्नर एवं IRS अधिकारी मुकेश राठौर शामिल हैं। तीनों ने बृजघाट पहुंचकर गंगाजल भरा और आम कांवड़ियों की तरह यात्रा शुरू की।

युवाओं को संस्कृति से जोड़ने का संदेश

अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि अनुशासन, संकल्प और संस्कृति से जुड़ने का माध्यम भी है। साइकिल से यात्रा करने का उद्देश्य आम शिवभक्तों के बीच रहकर कांवड़ यात्रा की परंपरा को करीब से महसूस करना और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का संदेश देना है।

बाबूगढ़ में पुलिस ने किया जोरदार स्वागत

तीनों अधिकारियों का कांवड़ जत्था जब हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र से गुजरा तो स्थानीय पुलिस ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पुलिस टीम ने पुष्पवर्षा की और फूल-मालाएं पहनाकर शिवभक्त अधिकारियों का उत्साह बढ़ाया। पुलिसकर्मियों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

वरिष्ठ अधिकारियों को आम कांवड़ियों की तरह साइकिल पर कांवड़ लेकर जाते देख स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता रही। उनकी सादगी और शिवभक्ति चर्चा का विषय बनी हुई है।

बृजघाट से दिल्ली तक साइकिल पर कांवड़

तीनों अधिकारी बृजघाट से गंगाजल लेकर साइकिल से दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। यात्रा पूरी करने के बाद वे चांदनी चौक स्थित प्राचीन गौरी शंकर मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

इन वरिष्ठ अधिकारियों की यह पहल जहां आस्था और संकल्प का संदेश देती है, वहीं युवाओं को अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का भी प्रयास मानी जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts