विजय की मां पर टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ DGP से शिकायत

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और उनकी मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के खिलाफ पुलिस महानिदेशक (DGP) से शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने भाजपा नेता की टिप्पणी को अपमानजनक बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामला शनिवार को चेन्नई स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय ‘कमलालयम’ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए बयान से जुड़ा है। आरोप है कि नागेंद्रन ने विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय द्वारा बार-बार ‘पिता’ का उल्लेख किए जाने पर टिप्पणी करते हुए उनके परिवार को लेकर व्यक्तिगत तंज कसा। इसके बाद राजनीतिक हलकों में विरोध शुरू हो गया।

कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग जांचने की मांग

शिकायत में पुलिस से कार्यक्रम की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उसे जब्त करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने टिप्पणी को मुख्यमंत्री विजय और उनकी मां के प्रति अपमानजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

‘कुट्टी कथई’ बयान से शुरू हुआ विवाद

बताया गया कि यह विवाद मुख्यमंत्री विजय के विधानसभा में दिए गए ‘कुट्टी कथई’ यानी छोटी कहानी वाले बयान के बाद शुरू हुआ था। अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद विजय ने विधानसभा में राजनीतिक कटाक्ष करते हुए डीएमके नेता एमके स्टालिन और उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन के संदर्भ में ‘पिता’ का उल्लेख किया था। उनके इस बयान पर डीएमके समेत कई राजनीतिक दलों ने आपत्ति जताई थी।

अन्नामलाई ने भी की आलोचना

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भी नैनार नागेंद्रन की टिप्पणी की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सरकार और राजनीतिक नेताओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है, लेकिन किसी नेता के परिवार, विशेषकर उसकी मां को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया।

तमिलनाडु के मंत्री ए. राजमोहन ने भी नागेंद्रन की टिप्पणी को असभ्य और अनुचित करार दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और संयम बनाए रखना जरूरी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts