वंदे मातरम् को लेकर सोनिया-राहुल के खिलाफ पुलिस शिकायत, DCP ने कहा- जांच जारी

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के कथित तौर पर पूरा न गाए जाने को लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभ शर्मा ने 16 अगस्त को दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में दी।

सोनिया गांधी के इशारे को लेकर विवाद

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वंदे मातरम् के गायन के दौरान सोनिया गांधी ने कुछ ऐसा इशारा किया, जिससे गीत को आगे जारी रखने पर आपत्ति जताने की बात सामने आई। वहीं, राहुल गांधी के एक वीडियो का भी शिकायत में उल्लेख किया गया है, जिसमें वह कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि वंदे मातरम् नहीं गाया जा रहा है।

शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

DCP सेंट्रल ने क्या कहा?

मामले पर दिल्ली पुलिस के DCP सेंट्रल की ओर से कहा गया है कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम् गायन के समय हुई कथित घटना की शिकायत की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगी।

ओडिशा में भी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शिकायत

इस मामले को लेकर ओडिशा में भी भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश इकाई ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ खारवेल नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडा ने आरोप लगाया कि वंदे मातरम् के गायन में कथित बाधा डालकर कांग्रेस नेताओं ने दंडनीय अपराध किया है।

कांग्रेस ने आरोपों को बताया गलत

कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज किया है। पार्टी का कहना है कि वंदे मातरम् को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी। कांग्रेस के मुताबिक, सोनिया गांधी केवल मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं, क्योंकि वह काफी देर से खड़े थे।

भाजपा ने निकाला मौन जुलूस

विवाद के बीच भाजपा की भुवनेश्वर जिला इकाई ने कांग्रेस के खिलाफ मौन जुलूस भी निकाला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के कथित व्यवहार से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। मामले में अब दिल्ली पुलिस की जांच पर नजर है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts