राष्ट्रीय खेल दिवस पर CCSU में अंतर महाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियां अंतिम चरण में
2026-27 के खेल कैलेंडर को अंतिम रूप, विभिन्न कॉलेजों को बनाया गया आयोजन स्थल
मेरठ, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग में अंतर महाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं 2026-27 के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में आगामी खेल सत्र में होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारियों, आयोजन स्थलों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा कर रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, जलीय क्रीड़ा, बेसबॉल, बॉक्सिंग, क्रॉस-कंट्री, जिम्नास्टिक, शूटिंग, सॉफ्टबॉल, ताइक्वांडो, वुशू, कुश्ती, पावर लिफ्टिंग, नेटबॉल, कबड्डी, योग, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, क्रिकेट, शतरंज, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, कराटे, खो-खो, टेनिस, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग और फुटबॉल समेत विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना तैयार की गई।
कई कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं
प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों और संस्थानों को आयोजन स्थल निर्धारित किया गया है। इनमें जेवीसी बड़ौत, एसपीसी बागपत, एएससी लखावटी, एएससी मवाना, एनसीपीई डी. मणिकपुर, डीएनसी मेरठ/गुलावठी, आरएसएससी पिलखुवा, डीपीबीएससी अनूपशहर, एमएमएच कॉलेज गाजियाबाद, जनहित इंस्टीट्यूट गाजियाबाद, जीसी हस्तिनापुर, श्री जीसी अहरा, एनएएस कॉलेज मेरठ, आरजी कॉलेज मेरठ, एचआईएलएम गाजियाबाद और केडीसी शिम्भावली प्रमुख हैं। कुछ प्रतियोगिताओं का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में भी किया जाएगा।
शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग की ओर से अंतर महाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं का विस्तृत स्पोर्ट्स कैलेंडर 2026-27 जल्द जारी किया जाएगा। इसमें प्रत्येक खेल की प्रतियोगिता तिथि, आयोजन स्थल और अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध होंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य प्रतियोगिताओं को सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से निर्धारित खेल नियमों के अनुरूप कराना है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को खेलों में प्रतिभाग करने का अवसर मिल सके।
30 अगस्त को होंगी खेल गतिविधियां
राष्ट्रीय खेल दिवस के क्रम में शेष खेल गतिविधियों का आयोजन 30 अगस्त को सुबह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ शारीरिक स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
बैठक में प्रो. दिनेश कुमार, प्रोफेसर इंचार्ज, स्पोर्ट्स, शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के शिक्षकगण तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विश्वविद्यालय की ओर से आगामी सत्र में खेल गतिविधियों को और व्यापक एवं प्रभावी बनाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।


No comments:
Post a Comment