CBSE और IIT गांधीनगर की बड़ी पहल: ‘3030 एकलव्य’ से AI और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग सीखेंगे छात्र, ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
15 अगस्त से शुरू होगी ऑनलाइन सीरीज, कक्षा छह से ऊपर के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए आठ सत्र
मेरठ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और भविष्य की तकनीक के लिए विद्यार्थियों को तैयार करने की दिशा में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) और IIT गांधीनगर ने नई पहल की है। IIT गांधीनगर के सेंटर फॉर क्रिएटिव लर्निंग (CCL) के सहयोग से ‘3030 एकलव्य–कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ ऑनलाइन श्रृंखला शुरू की जा रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत 15 अगस्त से होगी। इसमें कक्षा छह और उससे ऊपर के विद्यार्थियों के साथ शिक्षक भी हिस्सा ले सकेंगे। कुल आठ ऑनलाइन सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहला सत्र 15 अगस्त को शाम चार बजे ‘कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एंड AI विद मैच बॉक्स’ विषय पर होगा। इसके बाद सात सत्र प्रत्येक रविवार शाम चार बजे से आयोजित किए जाएंगे।
तार्किक सोच और समस्या समाधान पर जोर
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक सोच, समस्या समाधान, पैटर्न पहचान, रचनात्मकता और AI की व्यावहारिक समझ विकसित करना है।
प्रश्न आधारित गतिविधियों और STEM आधारित शिक्षण के जरिए विद्यार्थियों को गणित और विज्ञान के सिद्धांतों को रोजमर्रा की समस्याओं से जोड़ने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों में एल्गोरिदमिक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और भविष्य की तकनीक के अनुरूप जरूरी कौशल विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में भाग लेना स्वैच्छिक
यह कार्यक्रम स्वैच्छिक है। पंजीकरण अनिवार्य है और ऑनलाइन सत्रों को लाइव देखना निश्शुल्क है। सत्र हिंदी में आयोजित किए जाएंगे।
सीबीएसई ने अपने संबद्ध विद्यालयों से शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस पहल में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा है। सीबीएसई सिटी कोआर्डिनेटर सुधांशु शेखर के अनुसार, कार्यक्रम के माध्यम से छात्र गणित और विज्ञान की अवधारणाओं को वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जोड़कर समझ सकेंगे।
ऐसे करें पंजीकरण
‘3030 एकलव्य’ के लिए पंजीकरण IIT गांधीनगर के एकलव्य पोर्टल पर किया जा सकता है। नए पंजीकरण के दौरान प्रतिभागी को अपना नाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करनी होगी।
प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए 400 रुपये तथा लागू कर का भुगतान करना होगा। पंजीकरण के बाद कार्यक्रम का लाइव प्रसारण निश्शुल्क देखा जा सकता है।
लाइव सत्र CCL IITGN के यूट्यूब चैनल पर प्रसारित किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी एकलव्य कार्यक्रम की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर संपर्क कर सकते हैं।
अभिभावक भी ले सकेंगे प्रशिक्षण
इस पहल की खास बात यह है कि केवल विद्यार्थी और शिक्षक ही नहीं, बल्कि अभिभावक भी बच्चों के साथ कार्यक्रम देख सकते हैं और प्रशिक्षण पूरा कर प्रमाणपत्र हासिल कर सकते हैं।
सीबीएसई के अनुसार, बोर्ड कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और AI का पाठ्यचर्या ढांचा पहले ही जारी कर चुका है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इसे शिक्षक प्रशिक्षण की प्रमुख थीम भी बनाया गया है। देशभर में 450 से अधिक जिला स्तरीय विचार-विमर्श आयोजित किए जा रहे हैं।
किसे मिलेगा कौन-सा प्रमाणपत्र?
शिक्षक: सहभागिता प्रमाणपत्र, प्रमाणपत्र और प्रशिक्षण प्रमाणपत्र।
विद्यार्थी: सहभागिता प्रमाणपत्र, प्रमाणपत्र और पाठ्यक्रम पूर्णता प्रमाणपत्र।
अभिभावक: सहभागिता प्रमाणपत्र, प्रमाणपत्र और पाठ्यक्रम पूर्णता प्रमाणपत्र।
CBSE और IIT गांधीनगर की यह पहल छात्रों को केवल AI के इस्तेमाल तक सीमित रखने के बजाय सोचने, समस्या समझने और तकनीक के जरिए समाधान खोजने की क्षमता विकसित करने पर केंद्रित है।


No comments:
Post a Comment