एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में 5 किलो का दुर्लभ विशाल ट्यूमर निकाला, 37 वर्षीय महिला को मिली राहत

22×17×15 सेंटीमीटर का था ट्यूमर, बाएं फेफड़े को पूरी तरह दबाया; हृदय और मेडियास्टिनम भी दाईं ओर खिसक गया था

मेरठ। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जटिल थोराकोटॉमी सर्जरी कर 37 वर्षीय महिला के सीने से करीब 5 किलोग्राम वजन का दुर्लभ और विशाल इंट्राथोरेसिक ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल लिया। ट्यूमर का आकार इतना बड़ा था कि उसने महिला के बाएं फेफड़े को पूरी तरह दबा दिया था और हृदय समेत मेडियास्टिनम को दाईं ओर विस्थापित कर दिया था।

गढ़मुक्तेश्वर निवासी 37 वर्षीय लता लंबे समय से सांस फूलने की समस्या से परेशान थीं। जांच के दौरान सीटी स्कैन में उनके सीने के भीतर करीब 22×17×15 सेंटीमीटर का विशाल ट्यूमर पाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में जटिल सर्जरी का निर्णय लिया गया।

हृदय की बाहरी झिल्ली से चिपका था ट्यूमर

सर्जरी का नेतृत्व सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अमित कुमार ने किया। ऑपरेशन के दौरान सामने आया कि ट्यूमर हृदय की बाहरी झिल्ली यानी पेरिकार्डियम से घनी तरह चिपका हुआ था। एक स्थान पर इसका जुड़ाव फेफड़े से भी था।

ट्यूमर के अत्यधिक बड़े आकार के कारण छाती के भीतर ऑपरेशन करने के लिए बेहद कम जगह बची थी। ऐसे में सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण रही। डॉक्टरों ने अत्यंत सावधानी से डिसेक्शन करते हुए फेफड़े और आसपास की महत्वपूर्ण संरचनाओं को सुरक्षित रखा और ट्यूमर को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। सर्जरी के दौरान रक्तस्राव भी न्यूनतम रहा।

ऑपरेशन के बाद तेजी से स्वस्थ हो रही मरीज

सर्जरी के बाद लता की हालत संतोषजनक बताई गई है। उन्हें सफलतापूर्वक वेंटिलेटर से हटा दिया गया है। अब वह बिना ऑक्सीजन के सामान्य ऑक्सीजन स्तर बनाए हुए हैं। मरीज भोजन ले रही हैं, चल-फिर रही हैं और तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रही हैं।

निकाले गए ट्यूमर को अंतिम जांच के लिए हिस्टोपैथोलॉजी विभाग भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ट्यूमर की प्रकृति की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।

डॉक्टरों की टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस जटिल ऑपरेशन में सर्जरी टीम में डॉ. रवि, डॉ. अंकित, डॉ. सेजल और डॉ. लक्ष्य शामिल रहे। वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. विपिन धामा, डॉ. संगीता, डॉ. अंजलि, डॉ. आयुषी, डॉ. ज्योति राज और डॉ. शुभम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मेडिकल कॉलेज में बढ़ीं जटिल ऑन्कोसर्जरी की सुविधाएं

एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आरसी गुप्ता की पहल से मेडिकल कॉलेज में ऑन्कोसर्जरी सेवाओं का विस्तार किया गया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार, इसका परिणाम यह है कि अब यहां जटिल कैंसर सर्जरी और चुनौतीपूर्ण शल्यक्रियाएं भी सफलतापूर्वक की जा रही हैं।

यह जटिल ऑपरेशन एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध विशेषज्ञता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की क्षमता को भी दर्शाता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts