कांवड़ सेवा शिविरों में पहुंचे भाजपा के पूर्व प्रत्याशी मनींदर पाल सिंह, बोले- कांवड़ियों की सेवा भगवान नीलकंठ की पूजा के समान

मेरठ। पवित्र सावन मास में कांवड़ यात्रा के बीच सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में शिवभक्ति का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह लगे कांवड़ सेवा शिविरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा की जा रही है।

इसी क्रम में सिवालखास विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी मनींदर पाल सिंह ने क्षेत्र में लगाए गए विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों का दौरा किया। उन्होंने कांवड़ियों की सेवा में जुटे सेवादारों और शिविर आयोजकों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।

मनींदर पाल सिंह ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में दूर-दराज से पैदल यात्रा कर गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की सेवा करना भगवान नीलकंठ की पूजा करने के समान है। सेवा शिविरों में निस्वार्थ भाव से जुटे लोगों का समर्पण और सेवा भावना सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और बारिश की परवाह किए बिना सेवादार दिन-रात कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल, विश्राम और चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। उनका यह सेवाभाव और समर्पण वास्तव में अतुलनीय है।

सेवादारों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि निष्काम सेवा ही सनातन धर्म की वास्तविक शक्ति है। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा करने से समाज में सहयोग, सद्भाव और सेवा की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने सेवा शिविरों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजकों और सेवादारों से कांवड़ियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। इस दौरान क्षेत्र में सावन की भक्ति और कांवड़ियों की सेवा का उत्साह देखने को मिला।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts